सिमडेगा में आस्था का सैलाब, 80 KM पैदल चलकर पहुंचे हजारों कांवरिये
कांवड़ियों का हुजूम | Prabhat Khabar Network
सावन की तीसरी सोमवारी पर सिमडेगा के सरना बाबा मंदिर में हजारों कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया. बोल बम के जयकारों से गूंजा पूरा शहर.
सिमडेगा. सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर सिमडेगा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. हजारों की संख्या में कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की. कांवर यात्रा का शुभारंभ सिमडेगा शहर से करीब 80 किलोमीटर दूर ओड़िशा स्थित वेदव्यास त्रिवेणी संगम स्थल से हुआ था. दो दिनों तक पैदल यात्रा करने के बाद सोमवार की सुबह कांवरियों का जत्था सिमडेगा के सरना बाबा मंदिर पहुंचा.
भगवान शिव के भजनों पर झूमते पहुंची कांवरियों की टोली
मंदिर परिसर में कांवरियों की भीड़ को देखते हुए जलाभिषेक के लिए कतारबद्ध व्यवस्था की गयी थी. श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से भगवान शिव का जलाभिषेक किया. इस दौरान पूरा शहर बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा. कांवरियों की टोली भगवान शिव के भजनों पर झूमते, नाचते और गाते हुए मंदिर पहुंची.
सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम
कांवर यात्रा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे. पूरे यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. वहीं पैदल चलने में असमर्थ कांवरियों की मदद के लिए पुलिस की ओर से वाहनों की व्यवस्था भी की गयी, जिसकी श्रद्धालुओं ने सराहना की.
जगह-जगह लगे सेवा शिविर
कांवरियों की सेवा के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों और संस्थाओं की ओर से यात्रा मार्ग में जगह-जगह सेवा शिविर लगाये गये. शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, भोजन समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी. सरना मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के बाद कांवरियों के लिए भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. इसके अलावा सरना मंदिर के समीप समाजसेवियों की ओर से रात्रि में भी सामूहिक भंडारा का आयोजन किया गया था. इसमें बड़ी संख्या में कांवरियों ने भोजन ग्रहण किया.
ये भी पढ़ें: कांवरियों की सेवा में जुटा सिमडेगा, मेडिकल कैंप में किया गया खास इंतजाम
सहयोगियों के प्रति जताया आभार
सिमडेगा कांवरिया सेवा समिति ने कांवर यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले पुलिस प्रशासन, सामाजिक संगठनों, सेवा समितियों और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया. समिति ने कहा कि सभी के सहयोग और सेवा भावना से कांवर यात्रा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी.
ये भी पढ़ें: सड़कों पर पुलिस की पैनी नजर, सिमडेगा में 7 दिन चला एंटी क्राइम अभियान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









