रथ यात्रा आस्था व सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक : दिलीप पंडा
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 25 Feb 2026 10:20 PM
भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की पारंपरिक छह दिवसीय रात्रि रथ यात्रा आज से
कोलेबिरा. प्रखंड के ग्राम बरसलोया में 26 फरवरी की रात से भगवान श्री कृष्ण और राधा रानी की पारंपरिक छह दिवसीय रात्रि रथ यात्रा की शुरुआत की जायेगी. रथ यात्रा गांव के जगरनाथ मंदिर से विधि-विधान के साथ शुरू होकर लगातार छह दिनों तक प्रत्येक रात्रि में पूरे गांव के विभिन्न टोला-मुहल्लों में भ्रमण करेगी. जगरनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी दिलीप पंडा ने बताया कि यह ऐतिहासिक परंपरा वर्षों से चली आ रही है और होली से पूर्व आयोजित यह रथ यात्रा गांव की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख प्रतीक है. उन्होंने बताया कि प्रतिदिन रात्रि में विशेष पूजा-अर्चना, मंत्रोच्चार व भजन-कीर्तन के साथ राधा-कृष्ण की सुसज्जित प्रतिमाओं को रथ पर विराजमान कर पूरे गांव में भ्रमण कराया जायेगा. फूलों, रंग-बिरंगी रोशनी और पारंपरिक सजावट से सुसज्जित रथ जब गांव की गलियों से गुजरेगी, तो पूरा वातावरण भक्ति और उत्साह से भर उठेगा. श्रद्धालु जय श्रीकृष्ण, राधे-राधे व हरि बोल के जयघोष के साथ रथ को खींचेंगे. दिलीप पंडा ने बताया कि आयोजन के पांचवें दिन रात्रि में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार होलिका दहन किया जायेगा. गांव के मुख्य स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के बाद होलिका दहन संपन्न होगा. छठे दिन होली उत्सव और शाम में बाजार बस्ती में अबीर महोत्सव मनाया जायेगा. फाग गीत, ढोल-नगाड़े और पारंपरिक नृत्य के साथ गांव का माहौल रंगों से सराबोर हो जायेगा. इस दिन शाम को बाजार बस्ती में भव्य अबीर महोत्सव का आयोजन किया जायेगा. महोत्सव में गांव समेत आसपास के क्षेत्रों के लोग भी भाग लेंगे. यह छह दिवसीय आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी प्रेम और भाईचारे का प्रतीक बनेगा. ग्रामीण सामूहिक रूप से इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं. रथ सजावट, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










