फाइलेरिया बीमारी से बचाव के लिए दवा अवश्य लें : सीएस
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 09 Feb 2026 10:03 PM
10 से 25 फरवरी तक चलेगा फाइलेरिया उन्मूलन अभियान, 1.84 लाख लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य
सिमडेगा. जिले में फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग एक बार फिर सक्रिय हो गया है. इस कड़ी में 10 से 25 फरवरी तक व्यापक फाइलेरिया उन्मूलन अभियान चलाया जायेगा. अभियान को सफल बनाने को लेकर सोमवार को सिविल सर्जन डॉ सुंदर मोहन सामद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी. सिविल सर्जन ने बताया कि यह अभियान सिमडेगा, पाकरटांड़ व कोलेबिरा प्रखंड में चलाया जायेगा. इन प्रखंडों में फाइलेरिया के अधिक मरीज पाये जाने के कारण उन्हें अभियान के लिए चिह्नित किया गया है. अभियान के दौरान कुल एक लाख, 84 हजार, 20 लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने बताया कि दवा वितरण के लिए 394 बूथों का गठन किया गया है. साथ ही दवा खिलाने के कार्य में 788 स्वास्थ्य कर्मियों को लगाया गया है, जबकि अभियान की निगरानी के लिए 39 सुपरवाइजर तैनात किये गये हैं. सभी कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिये गये हैं, ताकि अभियान पूरी तरह सुरक्षित व प्रभावी ढंग से संचालित हो सके. डॉ सामद ने स्पष्ट किया कि दो वर्ष से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती महिलाएं और अधिक बीमार व्यक्ति को छोड़ कर सभी लोगों को दवा का सेवन करना अनिवार्य है. उन्होंने आम जनता से अपील की कि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए दवा अवश्य लें और किसी तरह की भ्रांति में न आयें. सिविल सर्जन ने यह भी बताया कि कुछ लोगों को दवा सेवन के बाद हल्का सिरदर्द, चक्कर, उल्टी, बुखार या दस्त जैसी मामूली समस्याएं हो सकती हैं. यह दवाओं का दुष्प्रभाव नहीं, बल्कि शरीर के भीतर मौजूद फाइलेरिया के कीड़े मरने की प्रक्रिया के कारण होता है. इससे घबराने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि दवा का सेवन स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी में एक ही बार करना होगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि दवा सही तरीके से ली गयी है. किसी भी समस्या की स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अभियान में लगे कर्मियों से संपर्क करने की अपील की गयी है. अंत में सिविल सर्जन ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन तभी संभव है, जब समाज का हर व्यक्ति इस अभियान में सक्रिय सहयोग करे और दवा सेवन को गंभीरता से लें. डॉ सामद ने आमलोगों की आशंकाओं को दूर करते हुए कहा कि फाइलेरिया रोधी दवा पूरी तरह सुरक्षित है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










