67.83% मतदान, 27 फरवरी को मतगणना

20 वार्डों के 37 बूथों पर हुआ शांतिपूर्ण मतदान, महिलाओं व युवाओं में दिखा उत्साह
सिमडेगा. नगर परिषद निर्वाचन के तहत सोमवार को जिले के 20 वार्डों में शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हुआ. सुबह सात बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम पांच बजे तक चली. कुल 37 बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान कराया गया. सुबह से ही मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. पहले चार घंटे (सुबह 7 से 11 बजे) में 26.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. 11 से एक बजे तक यह आंकड़ा बढ़ कर 42.65 प्रतिशत पहुंच गया. दोपहर एक से तीन बजे तक 56.63 प्रतिशत मतदान हुआ. अंतिम घंटे में कई बूथों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ी, जिससे शाम पांच बजे तक कुल 67.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. इस बार महिला व युवा मतदाताओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही. कई केंद्रों पर महिलाएं सुबह से ही कतार में खड़ी नजर आयीं. पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में भी खासा उत्साह देखा गया. मतदान के दौरान कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली. प्रशासन ने पूरे मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सफल बताया है. अब सभी की निगाहें 27 फरवरी को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं. इसके बाद नगर परिषद के नये प्रतिनिधियों की तस्वीर साफ हो जायेगी.
सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम
सभी 37 मतदान केंद्रों पर प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी. पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी तैनात रहे. संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी गयी. निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे व माइक्रो ऑब्जर्वर लगाये गये थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




