चौका के साप्ताहिक बाजार में बड़ा हादसा टला, अनियंत्रित धान लदे ट्रक ने तीन बाइकों को रौंदा

चौका के खूंटी साप्ताहिक बाजार के दौरान धान से लदा एक एलपीटी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बाइकों से जा टकराया | Prabhat Khabar Network
सरायकेला के चौका में धान लदे ट्रक ने तीन बाइकों को टक्कर मारी। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
चौका/ सरायकेला. चौका-कांड्रा मुख्य सड़क पर सोमवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खूंटी साप्ताहिक बाजार के दौरान धान से लदा एक एलपीटी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बाइकों से जा टकराया. राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन तीन बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रक की रफ्तार अधिक होती या उस समय भीड़ ट्रक की चपेट में आ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था. जानकारी के अनुसार घटना शाम करीब छह बजे की है. धान लदा एलपीटी ट्रक खूंटी लैम्प्स से धान लेकर गौरडीह स्थित आधार राइस मिल जा रहा था. लैम्प्स से निकलते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क पार करते हुए किनारे खड़ी बाइकों से टकरा गया. दुर्घटना में एक बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दो अन्य बाइकों को आंशिक नुकसान पहुंचा. घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार और सोमवार को लगने वाले खूंटी साप्ताहिक बाजार में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं. सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े होने से सड़क संकरी हो जाती है. इसके बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही जारी रहती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से बाजार के दिनों में प्रभावी यातायात व्यवस्था लागू करने, भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने तथा वाहन पार्किंग के लिए अलग स्थान चिन्हित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Sachindra Dash
शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










