बाइक के धक्के से ईचागढ़ की महिला की मौत, पति गंभीर

मृतक महिला | Prabhat Khabar Network
ईचागढ़ के मिलन चौक के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई और उसके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रतिनिधि, चौका ईचागढ़ थाना क्षेत्र के मिलन चौक-तिरुलडीह सड़क पर मुंडा गैरेज के समीप सोमवार की सुबह अनियंत्रित बाइक के धक्के से महिला की मौत हो गयी. मृतका की पहचान ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बीरडीह निवासी कुमारी अकाली (37) के रूप में हुई है. इस हादसे में महिला के पति गंभीर रूप से घायल हो गये हैं. दुर्घटना के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया. जानकारी के अनुसार, कुमारी अकाली अपने पति मान गोविंद सिंह माझी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के उरमा में आयोजित एक श्राद्ध कर्म में शामिल होने जा रही थीं. इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गये. स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों घायलों को तुरंत मिलन चौक स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिल्ली रेफर कर दिया. हालांकि, सिल्ली ले जाने के क्रम में रास्ते में कुमारी अकाली ने दम तोड़ दिया, जबकि उनके पति का इलाज अस्पताल में चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना प्रभारी वरुण यादव ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामला दर्ज कर फरार बाइक चालक और वाहन की पहचान के लिए जांच में जुट गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










