72 सेवानिवृत्त शिक्षक और 75 प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मानित

Updated:
विज्ञापन

सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित करते.

राजनगर के चालियामा में सूंढी समाज द्वारा आयोजित समारोह में 72 सेवानिवृत्त शिक्षकों और 75 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.

विज्ञापन

राजनगर : राजनगर प्रखंड अंतर्गत चालियामा स्थित ग्राम्य देवी मैदान में सूंढी समाज उत्थान समिति पोटका-सह-राजनगर की ओर से वार्षिक साधारण सभा सह प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. ग्राम प्रधान रविंद्र नाथ मंडल की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में समाज के 72 सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट के 75 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया.

स्वागत गीत व नृत्य की दी प्रस्तुति

कार्यक्रम के प्रथम सत्र की शुरुआत समाज के गणमान्य लोगों ने भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर की. इसके बाद अमृता मंडल एवं सहपाठियों ने स्वागत गीत व नृत्य प्रस्तुत किया. कार्यक्रम का संचालन उज्ज्वल कुमार मंडल ने किया. कृष्णपदो मंडल ने सेवानिवृत्त शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, गणमान्य लोगों एवं ग्रामीणों का स्वागत किया. कोषाध्यक्ष सुबोध चंद्र मंडल ने समिति की वार्षिक आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया. आशुतोष मंडल ने समाज के संस्कार, स्वपन कुमार मंडल ने संगठन के विस्तार, आशीष कुमार मंडल ने आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों की तैयारी, असित कुमार मंडल ने वर्तमान समिति की गतिविधियों तथा दिलीप कुमार मंडल ने भविष्य में किए जाने वाले कार्यों पर प्रकाश डाला.

विद्यार्थियों को मेहनत के साथ आगे बढ़ने का दिया संदेश

अध्यक्ष सोमेन मंडल ने विद्यार्थियों को मेहनत, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया. सचिव उज्ज्वल कुमार मंडल ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान का संचार करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज के उत्थान और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला रखने वाला मार्गदर्शक होता है. जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल ने भी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

12 विद्यार्थियों को चांदी की कलम देकर सम्मानित किया

द्वितीय सत्र में भवतारण मंडल ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के संदर्भ में कविता पाठ किया. इसके बाद समिति की ओर से 72 सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया. वहीं मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट के 75 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया. बालक एवं बालिका वर्ग में विभिन्न संकायों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 12 विद्यार्थियों को अध्यक्ष सोमेन मंडल ने चांदी की कलम देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में चालियामा गांव के युवाओं, माताओं-बहनों, बुजुर्गों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. अंत में नरेश मंडल ने धन्यवाद ज्ञापन कर समारोह के समापन की घोषणा की.


विज्ञापन
Surendra Mardi

लेखक के बारे में

By Surendra Mardi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola