रांची में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर चौका में कार व बसों की हो रही जांच
चौका थाना के पास जांच करती पुलिस
रांची में छात्र आंदोलन और विधानसभा घेराव को लेकर प्रशासन अलर्ट है. चौका थाना पुलिस ने एनएच-33 पर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी है.
चांडिल: रांची में जेपीएससी- जेएसएससी सीजीएल समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन और सोमवार को प्रस्तावित विधानसभा घेराव को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है. आंदोलन में शामिल होने के लिए छात्रों के रांची जाने की सूचना के मद्देनजर चौका थाना पुलिस ने सोमवार सुबह से ही एनएच-33 पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया. चौका थाना के समीप रांची की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कार, बस समेत अन्य वाहनों को रोककर जांच की. वाहनों में सवार लोगों से पूछताछ करने के साथ उनकी गतिविधियों की भी जानकारी ली जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही वाहनों को रांची की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है. पुलिस की इस कार्रवाई से एनएच-33 पर कुछ समय के लिए वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि, चौका थाना पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह तक आंदोलन में शामिल होने के लिए रांची जा रहे किसी छात्र को रोका या हिरासत में नहीं लिया गया है.
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि विधानसभा घेराव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एहतियातन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि एनएच-33 पर यह जांच अभियान सोमवार पूरे दिन जारी रहेगा. पुलिस की नजर विशेष रूप से रांची की ओर जाने वाले वाहनों पर बनी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










