दलमा के जंगलों में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, महिला माओवादी ने हथियार के साथ किया आत्मसमर्पण

Updated:
विज्ञापन

सर्च ऑपरेशन करती CRPF की टीम

कोल्हान क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान तेज हो गया है. दलमा के जंगलों में एक महिला माओवादी ने हथियार के साथ आत्मसमर्पण किया है. इस दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं.

विज्ञापन

चांडिल: सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम समेत पूरे कोल्हान क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा बलों ने अपना अभियान तेज कर दिया है. रविवार को पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने दलमा के सुदूर और दुर्गम इलाकों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया. इस दौरान चाईबासा की रहने वाली महिला माओवादी अनीता ने घातक हथियार के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया.

एक करोड़ के इनामी आकाश के दस्ते की तलाश तेज

इस अभियान की सीधी निगरानी सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार स्वर्गियारी स्वयं कर रहे हैं. सुरक्षा एजेंसियों को पुख्ता सूचना मिली है कि दलमा के जंगलों में एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी केंद्रीय समिति सदस्य असीम मंडल उर्फ आकाश का दस्ता सक्रिय है. इसी जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने दलमा पहाड़ी से लेकर तराई क्षेत्र तक अपनी गतिविधियों और घेराबंदी को काफी तेज किया.

गिरफ्तार माओवादियों से मिले सुराग

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हाल में गिरफ्तार हुए माओवादी मदन महतो, रवि सिंह सरदार और उसकी पत्नी मीना पहाड़िया से पूछताछ के दौरान सुरक्षा बलों को कई अहम जानकारियां हाथ लगी हैं. इसी जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने दलमा क्षेत्र में नक्सलियों के संभावित ठिकानों और उनके गुप्त संपर्कों को खंगालना शुरू किया.

महिला माओवादी का आत्मसमर्पण

दलमा के जंगलों में चलाए जा रहे इस व्यापक अभियान के बीच पुलिस को एक और सफलता मिली है. चाईबासा की रहने वाली महिला माओवादी, अनीता कयाम ने हथियार के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है. इस समर्पण को सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव का परिणाम माना जा रहा है.

भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने आसनबनी के सुदूर तराई जंगलों में विशेष तलाशी अभियान चलाया. इस कार्रवाई में नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे और अन्य स्थानों पर छिपाकर रखे इंसास, राईफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया हैं. बरामद सामग्री की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि हथियारों के स्रोत और उनके इस्तेमाल का पता लगाया जा सके.

कुचाई में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, जंगल से हथियारों का जखीरा बरामद

सरायकेला-खरसावां जिले के सीमावर्ती कुचाई थाना क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा लगातार संयुक्त एंटी नक्सल अभियान चलाया जा रहा है. दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा बल पूरी मुस्तैदी से डटे हैं. इसी क्रम में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया गया है.

सिकरंबा के जंगलों में की गयी विशेष तलाशी

जानकारी के अनुसार सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 26वीं वाहिनी की जोमरो (कुचाई) स्थित ‘ए’ कंपनी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार और रविवार को कुचाई के सिकरंबा के आगे के जंगलों में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया. इस दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हथियारों का पता चला और सुरक्षा बलों ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया. इस बरामदगी को लेकर अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है.

कभी घोर नक्सल प्रभावित रहा है इलाका

कुचाई का यह सीमावर्ती इलाका कभी नक्सलियों का गढ़ माना जाता था और घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहा है. हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में सुरक्षा बलों के कड़े रुख और लगातार अभियानों के कारण यहां नक्सली गतिविधियां लगभग समाप्त हो चुकी हैं. पर इस तरह हथियारों का छिपा मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक महत्वपूर्ण संकेत है. पुलिस और सुरक्षा बल क्षेत्र में पूरी तरह सतर्क हैं और आगे भी सर्च ऑपरेशन जारी रखने की बात कह रहे हैं.

बरामद हथियारों की सूची : एक पिस्टल, दो 303 राइफल, तीन 303 राइफल मैगजीन, एक 9 एमएम कार्बाइन पिस्टल ग्रिप और एक 9 एमएम कार्बाइन कॉकिंग हैंडल


विज्ञापन
Himanshu Gope

लेखक के बारे में

By Himanshu Gope

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola