रिश्ते का कत्ल, जानें कौन है वह कलयुगी पोता जिसने अपनी ही दादी की कर दी हत्या

Updated:
विज्ञापन

सुप्रीति मजुमदार (फाइल फोटो).

चांडिल में जमीन-जायदाद के विवाद में पोते ने लोहे के औजार से दादी की हत्या कर दी. आरोपी घटना के बाद से फरार है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

विज्ञापन

चांडिल | जिस घर में कभी दादी और पोते के बीच प्यार और अपनापन रहा होगा, उसी घर में रविवार सुबह एक ऐसी घटना हुई जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया. चांडिल स्टेशन बस्ती की शिवपुरी कॉलोनी में जमीन-जायदाद और रुपये के विवाद को लेकर एक पोते ने अपनी ही दादी पर जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल सेवानिवृत्त एएनएम सुप्रीति मजुमदार (67) ने इलाज के दौरान टीएमएच में दम तोड़ दिया. घटना के बाद आरोपी पोता बिक्की गोस्वामी मौके से फरार हो गया.

कुर्सी पर बैठकर अखबार पढ़ रही थीं दादी, तभी पहुंचा पोता

घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे की बतायी जा रही है. उस समय परिवार के कई सदस्य घर में मौजूद थे. बताया जाता है कि सुप्रीति मजुमदार घर में कुर्सी पर बैठकर अखबार पढ़ रही थीं. इसी दौरान उनका पोता बिक्की गोस्वामी वहां पहुंचा. जमीन-जायदाद और रुपये को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गयी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि बिक्की ने लोहे के धारदार औजार से अपनी दादी के सिर पर जोरदार वार कर दिया. सिर में गंभीर चोट लगने के बाद सुप्रीति मजुमदार कुर्सी से गिर पड़ीं. घर में अफरा-तफरी मच गयी और परिजन उन्हें बचाने के लिए दौड़े.

चांडिल से टीएमएच तक दौड़े परिजन, लेकिन नहीं बच सकी जान

गंभीर हालत में परिजन सुप्रीति मजुमदार को तत्काल चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के टीएमएच रेफर कर दिया. परिजन उन्हें लेकर तत्काल जमशेदपुर पहुंचे और इलाज शुरू हुआ. लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद सुप्रीति मजुमदार की जान नहीं बच सकी. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.

जमीन-जायदाद और रुपये के विवाद की बात, पुलिस जांच में जुटी

घटना के पीछे जमीन-जायदाद और रुपये का विवाद बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है. एक तरफ परिवार ने अपने ही घर की बुजुर्ग सदस्य को खो दिया, तो दूसरी ओर आरोपी पोता फरार है. घटना के बाद शिवपुरी कॉलोनी में दहशत और मातम का माहौल है. स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं.


विज्ञापन
Himanshu Gope

लेखक के बारे में

By Himanshu Gope

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola