Koderma: महाशिवरात्रि पर 50000 से अधिक भक्तों ने किया जलाभिषेक, शिव बारात में उमड़े श्रद्धालु

Published by : AmleshNandan Sinha Updated At : 15 Feb 2026 10:38 PM

विज्ञापन

महाशिवरात्रि पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Koderma: कोडरमा के ध्वजधारी धाम में महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड़ पड़ा. करीब 50000 शिव भक्तों ने बाबा भोलेनाथ के मंदिर में जलाभिषेक किया.

विज्ञापन

गौतम राणा
Koderma: महाशिवरात्रि के मौके पर ध्वजधारि धाम में आयोजित दो दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव के पहले दिन पहाड़ की चोटी से लेकर तलहटी तक शिवभक्तों की सैलाब उमड़ पड़ा. आलम यह था कि कोडरमा बाजार से लेकर ध्वजधारि धाम तक भक्तों का रेला लगा हुआ था. बम बम भोले, हर हर महादेव, जय भोलेनाथ का जयघोष करते हुए देर शाम तक भक्तों ने भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा अर्चना कर मंगला कामना की. वहीं, 778 सीढ़िया चढ़कर पहाड़ की चोटी पर अवस्थित शिवलिंग का जलाभिषेक किया. एक अनुमान के मुताबिक शिवरात्रि के पहले दिन करीब 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया. इसके पूर्व सुबह करीब 10 बजे दो दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का उद्घाटन धाम के मुख्य महंत महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज, कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव और जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव ने संयुक्त रूप से किया. मौके पर मौके पर डोमचांच प्रमुख सत्यनारायण यादव, जिप सदस्य महेंद्र प्रसाद यादव, राजकुमार यादव, गजेंद्र राम, मनोज कुमार झुन्नू, विनय कुमार सिंह, विजय सिंह, यमुना यादव, विनोद कुमार मुन्ना, सुनील यादव, शम्भू प्रसाद, अजय पांडेय सहित भारी संख्या में लोग मौजूद थे.

मेला को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य सक्रिय दिखे

ध्वजाधारी धाम में महाशिवरात्रि के मौके पर आयोजित दो दिवसीय मेले के सफल आयोजन में गजेंद्र राम, सुनील यादव, अशोक यादव, मंटू विश्वकर्मा, प्रेम साव, अजित कुमार गोराई, विनोद कुमार मुन्ना, यमुना यादव, बैजनाथ यादव, राजेंद्र सिंह, अशोक महतो, शशि सिंह, संदीप कुमार साव, गोपाल यादव, मनीष कुमार आदि की अहम भूमिका रही.

ध्वजधारी धाम में आकर्षक विद्युत सज्जा के साथ बनाये गए तोरण द्वार

महाशिवरात्रि को लेकर पूरे पहाड़ परिसर और मुख्य द्वार और पहाड़ की चोटी तक आकर्षक विद्युत व्यवस्था की गई है. पहाड़ परिसर को पूरी तरह सजाया गया है. श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए समुचित व्यवस्था की गई थी.

वैदिक रीति रिवाज से सम्पन्न कराया जाएगा शिव विवाह

देर रात्रि में देवाधिदेव भगवान महादेव और माता पार्वती का विवाह कार्यक्रम स्थानीय पुरोहित मुकेश पांडेय के द्वारा संपन्न कराया गया. विवाह उपरांत भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा अर्चना के साथ जलाभिषेक किया गया.

कई जिलों से पहुंचे श्रद्धालु, मुंडन संस्कार भी हुआ

महाशिवरात्रि के मौके पर कोडरमा समेत हजारीबाग, चतरा, गिरिडीह और बिहार राज्य के सीमावर्ती जिला नवादा और गया से भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. महोत्सव के पहले दिन जमकर मुंडन संस्कार किया गया. यहां मान्यता है कि छोटे बच्चों का पहाड़ पर मुंडन करवाने से बच्चे संस्कारी, ज्ञानी बनने के साथ बड़े होकर जीवन में उल्लेखनीय कार्य करते हैं.

सीसीटीवी कैमरे से की जा रही है निगरानी

ध्वजधारि धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पहाड़ परिसर से लेकर पहाड़ की चोटी तक सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद नजर आई. पहाड़ एवं आसपास के मंदिरों व प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है. जिससे पूरे मेले पर नजर रखी जा रही है. इसके अलावा चप्पे-चप्पे पर महिला और पुरुष बल की तैनाती की गई है. साथ ही नियंत्रण कक्ष से भी मेले की निगरानी की जा रही है.

वाहनों के रूट बदले गए

महाशिवरात्रि के मौके पर ध्वजधारि धाम में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए दो दिनों के लिए गाड़ियों के रूट में बदलाव किया गया. पंजाब होटल के समीप स्थित हनुमान मंदिर से गाड़ियों का रूट में परिवर्तन किया गया. बड़े वाहनों को हनुमान मंदिर से होते हुए लोकाई स्थित संत क्लेयर्स स्कूल के निकट से बाईपास होते हुए बाघीटांड की ओर निकाला जा रहा था. इसी तरह पटना की ओर से आने वाले वाहनों को भी इसी मार्ग से रांची या अन्य गंतव्य की ओर रवाना किया गया. सिर्फ छोटे वाहनों को हनुमान मंदिर से कोडरमा बाजार होते हुए समाहरणालय तक जाने की अनुमति थी.

महाशिवरात्रि का इतिहास काफी पौराणिक है : महामंडलेश्वर

ध्वजधारी धाम के मुख्य महंत महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज ने कहा कि शिवरात्रि का इतिहास काफी पौराणिक है. सदियों से शिवरात्रि मनाने की परंपरा चली आ रही है. यह काफी सुखद अनुभूति है कि कर्दम ऋषि के तपोवन भूमि में वर्षों से शिवरात्रि का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि विधि व्यवस्था बनाये रखते हुए महोत्सव का आनन्द लें. उन्होंने कहा की देवों के देव महादेव को शिवरात्रि बेहद प्रिय है. ऐसे में सच्चे मन से जो भी भक्त इस दिन भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा अर्चना करते हैं, उन्हें भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त होता है. उन्होंने जिलेवासियों, जिला व पुलिस प्रशासन के पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों से दो दिवसीय महोत्सव को शांतिपूर्ण सम्पन्न करवाने की अपील की.

शिवशक्ति की आराधना से मिलती है ऊर्जा : जिप अध्यक्ष

जिला परिषद रामधन यादव ने श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान शिव और आदिशक्ति मां पार्वती बहुत दयालु हैं. दुखियों की समस्याओं को दूर करते हैं, असुरों का संहार करते हैं. इनकी पूजा अर्चना करने से काफी ऊर्जा और असीम शांति मिलती है. उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से धाम को विकसित किया जा रहा है और यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार का कष्ट न हो. उन्होंने कहा कि ध्वजधारी धाम कोडरमा के लिए एक धरोहर है, यहां कोडरमा समेत बिहार और झारखंड के कई जिलों से श्रद्धालु मत्था टेकने हजारों की संख्या में पहुंचते है. ऐसे में धाम में विधि व्यवस्था बनाये रखना हम सबकी जिम्मेवारी है. दो दिवसीय मेले के दौरान कोई ऐसा कार्य नहीं हो, जिससे शांति व्यवस्था भंग होने की संभावना हो.

ध्वजधारी बाबा सबकी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं : डॉ नीरा यादव

कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव ने कहा कि ध्वजधारी पहाड़ की महिमा अपरंपार है. जो भी भक्त यहां सच्चे मन से मत्था टेकते हैं, उनकी झोली खुशियों से भर जाती है. ध्वजधारी बाबा के दहलीज पर आने वाले भक्त कभी भी खाली हाथ नही लौटते, बल्कि भक्तों की झोली खुशियों से भर जाती है. विधायक ने श्रद्धालुओं को शिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महोत्सव के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखें.

एसडीओ और एसडीपीओ घूम-घूम कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

दो दिवसीय मेले के पहले दिन ओमप्रकाश मंडल और एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह सुबह से लेकर देर शाम तक ध्वजधारी धाम में घूम-घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे. वहीं, धाम में जगह-जगह पर प्रतिनियुक्त किये गए पुलिस पदाधिकारियों व दंडाधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था से सम्बंधित जानकारी लेते दिखे.

एसपी ने ध्वजाधारी धाम का किया निरीक्षण

एसपी अनुदीप सिंह ने महाशिवरात्रि के पहले दिन ध्वजधारी धाम का औचक निरीक्षण कर विधि व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में एसपी ने धाम परिसर के प्रवेश द्वार से लेकर पहाड़ की तलहटी समेत मेला के चप्पे चप्पे का निरीक्षण किया और पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को कई निर्देश दिया. एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि धाम आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, खासकर श्रद्धालु महिलाओं, युवतियों और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि दो दिवसीय मेला के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक प्रबंध किया गया है. असामाजिक तत्वों और मनचलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें…

शिव भक्ति में लीन सरायकेला: महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के नारों से गूंजा शिवालय

रांची नगर निगम चुनाव: मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो खर्च करने में सबसे आगे, वार्ड पार्षदों में अलीशा ने सबको पछाड़ा

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola