कुचाई चौक से कस्तूरबा विद्यालय तक सड़क बदहाल, बारिश में कीचड़ और जलजमाव से बढ़ी परेशानी

Updated:
विज्ञापन
तसवीर : कुचाई चौक से कस्तूरबा विद्यालय तक जाने वाली सड़क पर बने गड्डों को दिखाते भाजपा नेता व ग्रामीण   | Prabhat Khabar Network

कुचाई चौक से कस्तूरबा विद्यालय तक जाने वाली सड़क पर बने गड्डों को दिखाते भाजपा नेता व ग्रामीण  | Prabhat Khabar Network

कुचाई चौक से कस्तूरबा विद्यालय तक सड़क की हालत बदतर है। बारिश में कीचड़ और जलजमाव से स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विज्ञापन

सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई मुख्य चौक से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के समीप स्थित पुलिया तक जाने वाली सड़क जर्जर हो गयी है. करीब सात मीटर की इस सड़क का पिच पूरी तरह से उखड़ गया है. सड़क पर गड्डे और उखड़े हुए पिच के पत्थर दिखाई दे रहे है. सड़क पर चलने में राहगिरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के मौसम में सड़क की हालत और भी खराब हो गई है. जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भर जाने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है. स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, ग्रामीणों और राहगीरों को प्रतिदिन मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. लंबे समय से सड़क निर्माण नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है. इसी समस्या को लेकर भाजपा नेताओं ने कुचाई में हस्ताक्षर अभियान चलाया. इसके पश्चात स्थानीय ग्रामीणों के साथ भाजपा नेता एवं जनप्रतिनिधियों ने बीडीओ साधुचरण देवगम को ज्ञापन सौंपकर पीसीसी सड़क निर्माण की मांग की.

बरसात में बढ़ जाती है परेशानी, दुर्घटना का बना रहता है खतरा

ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है. प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी मार्ग से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, आसपास के गांवों और मुख्य सड़क तक आवागमन करते हैं. लेकिन सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है. जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से सड़क और गड्ढों का अंतर समझ में नहीं आता. इससे दोपहिया वाहन चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं. पैदल चलने वाले लोगों और स्कूली बच्चों को भी कीचड़ व जलजमाव के बीच होकर गुजरना पड़ता है. ग्रामीणों का कहना है कि हर बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है.

जनप्रतिनिधियों ने कहा- क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी है सड़क निर्माण

ज्ञापन सौंपने पहुंचे जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला परिषद सदस्य झींगी हेम्ब्रम, प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह सड़क केवल एक गांव ही नहीं, बल्कि आसपास के कई गांवों के लोगों की जीवनरेखा है. कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा और आम लोगों की सुविधा को देखते हुए इस मार्ग का पीसीसी निर्माण बेहद आवश्यक है. उन्होंने प्रशासन से अविलंब निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि बेहतर सड़क बनने से ग्रामीणों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं पर भी रोक लगेगी.

बीडीओ ने उपायुक्त को भेजा पत्र

प्रखंड विकास पदाधिकारी साधुचरण देवगम ने ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क निर्माण के संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है. मौके पर भाजपा नेता दुलाल स्वांसी, प्रदीप सिंहदेव, सत्येंद्र कुमार, डुमु गोप, बबलू सोय, दास सोय, बैजनाथ महतो, आशु मुंडा, मंगल सिंह मुंडा, राहुल दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.


विज्ञापन
शचिंद्र कुमार दाश

लेखक के बारे में

By शचिंद्र कुमार दाश

शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola