खरसावां में बिजली की आंख-मिचौली से बेहाल रहे लोग, जाने आज क्या रहेंगे हालात

Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक फोटो | Prabhat Khabar Network

खरसावां और कुचाई में बिजली की अनियमित आपूर्ति से लोग परेशान हैं. 14 घंटे तक बिजली गुल रहने और ट्रिपिंग से उमस भरी गर्मी में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया.

विज्ञापन

खरसावां. खरसावां और कुचाई में बिजली की अनियमित आपूर्ति से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा है. गुरुवार की शाम से शुरू हुई बिजली कटौती का यह सिलसिला शुक्रवार की सुबह तक जारी रहा, इससे अधिकांश ग्रामीण इलाके अंधेरे में डूबे रहे. करीब 14 घंटे तक लगातार बिजली गुल रहने से एक लाख से अधिक की आबादी प्रभावित हुई. शुक्रवार सुबह आपूर्ति बहाल होने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिली और दिनभर ट्रिपिंग व कटौती का दौर चलता रहा.

उमस भरी गर्मी और पेयजल संकट से लोग बेहाल

लंबे समय तक बिजली गुल रहने से घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण पूरी तरह ठप रहे. बिजली संकट का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई, पेयजल आपूर्ति, घरेलू कामकाज और छोटे व्यवसायों पर पड़ा. स्थिति यह थी कि ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल तक चार्ज करने की समस्या उत्पन्न हो गई थी.

बारिश और मेघ गर्जन से आए फॉल्ट

विद्युत विभाग के अनुसार, क्षेत्र में हुई बारिश के कारण कई स्थानों पर इंसुलेटर पंचर होने और मुख्य लाइन में फॉल्ट आने से आपूर्ति बाधित हुई. इसके अलावा ग्रिड स्तर पर आई तकनीकी खराबी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया. हालांकि, विभागीय कर्मी पूरी रात क्षेत्र में मरम्मत कार्य में जुटे रहे और शुक्रवार सुबह करीब छह बजे के बाद चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल हुई.

उपभोक्ताओं में आक्रोश, स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से रोजाना 7 से 8 घंटे की अघोषित बिजली कटौती हो रही है. हल्की बारिश या तेज हवा चलते ही बिजली गुल होना आम बात बन गई है. ग्रामीणों ने जर्जर इंसुलेटर बदलने, विद्युत लाइनों का नियमित रखरखाव करने और फॉल्ट सुधारने की त्वरित व्यवस्था की मांग की है.

क्या कहते हैं अधिकारी

राजखरसावां विद्युत सब डिवीजन के सहायक अभियंता विदेश माझी ने बताया कि बारिश और मेघ गर्जन की वजह से कई स्थानों पर इंसुलेटर पंचर हुए थे और मुख्य लाइन में फॉल्ट आया था. हमारी टीम ने पूरी रात मुस्तैदी से काम कर सभी खराबियों को दूर कर दिया है. उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली देने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं.


विज्ञापन
शचिंद्र कुमार दाश

लेखक के बारे में

By शचिंद्र कुमार दाश

शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola