सरायकेला-खरसावां : हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कंटेनर में लगी आग, चालक गंभीर रूप से झुलसा
हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कंटेनर में लगी आग
Seraikela Kharsawan News : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह हाईटेंशन तार के संपर्क में आने से एक लॉजिस्टिक कंटेनर में अचानक आग भड़क उठी, जिसमें चालक गंभीर रूप से झुलस गया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
जमशेदपुर से संजीव भारद्वाज की रिपोर्ट
Seraikela Kharsawan News : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. आरआइटी थाना क्षेत्र के पम्मी धर्मकांटा के पास हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से एक लॉजिस्टिक कंटेनर धू-धू कर जल उठा. इस हादसे में वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
वजन कराने जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह एक विशाल लॉजिस्टिक कंटेनर वजन कराने के लिए पम्मी धर्मकांटा की ओर जा रहा था. इसी दौरान सड़क के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार से वाहन का ऊपरी हिस्सा स्पर्श कर गया. संपर्क होते ही जोरदार चिंगारी निकली और पूरे कंटेनर में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया.
स्थानीय लोगों ने बचाई चालक की जान
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह गंभीर रूप से झुलसे चालक को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल भेज दिया. चालक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया. इस हादसे के बाद इलाके में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के तकनीकी कारणों की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: गढ़वा: ‘PhonePe’ से घूस लेने वाले राजस्व कर्मचारी पर गिरी गाज, वीडियो वायरल होने के बाद हुए सस्पेंड
यह भी पढ़ें: JUVNL घोटाला: 109 करोड़ रुपये के गबन मामले में आरोपी अरग्य सेनगुप्ता को झारखंड हाईकोर्ट से मिली जमानत
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए