कुचाई के जाेमरो में SSB का नागरिक कल्याण कार्यक्रम, बांटे गये प्रमाण-पत्र, युवाओं को सशक्त बनाने पर जोर
नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित डीसी, एसपी, एसएसबी के कमांडेंट और अन्य.
SSB ने कुचाई के जोमरो गांव में नागरिक कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया. इस दौरान सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण, अल्बर्ट एक्का हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ और 'सुरक्षा वीर निर्माण' कार्यक्रम के तहत प्रमाण-पत्र वितरण किया गया.
खरसावां : कुचाई की सुदूर रोलाहातु पंचायत अंतर्गत जोमरो गांव में 26वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रांची की ओर से नागरिक कल्याण, महिला कौशल विकास, युवा सशक्तीकरण और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान अल्बर्ट एक्का अंतर-ग्रामीण हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ, सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण का उद्घाटन और ‘सुरक्षा वीर निर्माण’ कार्यक्रम के प्रशिक्षणार्थियों के बीच प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया.
कार्यक्रम में ये थे मौजूद
कार्यक्रम में उपायुक्त नीतीश सिंह, एसएसबी क्षेत्रीय मुख्यालय गयाजी (विशेष अभियान) के उप महानिरीक्षक मानवेंद्र, पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी, एसएसबी कमांडेंट शाश्वत कुमार, संजीवनी सेवा समिति की सचिव रंजनी सत्यकाम समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, एसएसबी के अधिकारी और जवान उपस्थित रहे. ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर जोर दिया गया. साथ ही राष्ट्र के विकास में भागिदार बनने की अपील की.

20 महिलाओं को दिया जायेगा सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण
मानव संसाधन विकास कार्यक्रम के तहत रोलाहातु पंचायत की 20 महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई का रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण दिया जायेगा. प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है. इससे महिलाओं के कौशल विकास के साथ आय के नये अवसर उपलब्ध होने की उम्मीद है.
16 ग्रामीण टीमें लेंगी हॉकी प्रतियोगिता में हिस्सा
शहीद परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का की वीरता और बलिदान को समर्पित अंतर-ग्रामीण हॉकी प्रतियोगिता में 16 ग्रामीण टीमें हिस्सा ले रही हैं. प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा. एसएसबी की ओर से खेल के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है.

सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी के लिए मार्गदर्शन
‘सुरक्षा वीर निर्माण’ कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किये गये. कार्यक्रम में युवाओं को शारीरिक दक्षता, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस एवं सेना में भर्ती की तैयारी के लिए मार्गदर्शन दिया जा रहा है. एसएसबी कमांडेंट शाश्वत कुमार ने कहा कि सुरक्षा और नक्सल विरोधी अभियानों के साथ दुर्गम क्षेत्रों में नागरिक कल्याण, महिला कौशल विकास, खेल तथा युवा सशक्तीकरण को भी प्राथमिकता दी जा रही है. ग्रामीणों ने एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिलाओं और युवाओं के लिए उपयोगी बताया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए