बांस-बल्ला लगाकर एमजीआर ट्रैक को किया जाम

साहिबगंज (फाइल फोटो)
एनटीपीसी के क्षतिग्रस्त ओवरब्रिज के निर्माण की ग्रामीणों ने की मांग
बरहेट. फरक्का-ललमटिया एमजीआर रेलवे लाइन अंतर्गत भैरवढाब गांव के पास एनटीपीसी के क्षतिग्रस्त ओवरब्रिज निर्माण को लेकर मंगलवार को ग्राम प्रधान बास्की मुर्मू के नेतृत्व में ग्रामीण महिला-पुरुषों ने बांस-बल्ला लगाकर रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया. इससे लाइन में करीब सात घंटे से अधिक समय तक कोयला लोड मालगाड़ी खड़ी रही. इस प्रदर्शन में भैंरोढाब, हरचंदपुर, चुटिया समेत अन्य गांवों के ग्रामीणों ने एनटीपीसी के विरुद्ध नारे लगाये. ग्राम प्रधान बास्की मुर्मू ने कहा कि ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर बीते 20 जून को चक्का जाम किया गया था. इसके बाद एनटीपीसी के अधिकारियों ने एक महीने के अंदर निर्माण करने की बात कही थी. लेकिन, 3 महीने बीत जाने के बावजूद भी कार्य आरंभ नहीं हुआ है. इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है. दूसरी बार बैठक कर निर्णय लेकर हम सभी फरक्का-ललमटिया एमजीआर लाइन का चक्का जाम किया है. कहा कि हमारी मांगें पूरी नहीं होती है तो लोड मालगाड़ी आगे बढ़ने नहीं देंगे. क्षतिग्रस्त ओवरब्रिज पर हो चुके हैं कई हादसे उन्होंने कहा कि झारखंड का कोयला बंगाल ले जाया जाता है लेकिन, झारखंड की गुजरने वाले इलाकों को मूलभूत सुविधा से वंचित रखा जाता है. कई वर्षों से ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त है, कई लोगों की जान चली गयी है. यहां तक ओवर ब्रिज क्षतिग्रस्त होने के कारण कई गांवों से संपर्क टूट गया है. दैनिक कार्यों के लिए जाने-वाले लोग तथा प्रसूती महिलाओं को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. इससे काफी परेशानी होती है. इधर, मामले को लेकर एनटीपीसी के इंजीनियर इंचार्ज शराफत हुसैन भैरोढाब पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत कर रहे थे. समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर धरना पर ही बैठे थे. मौके पर मांझी मुर्मू, भीम मुर्मू के अलावा अन्य ग्रामीण मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




