ePaper

तीन दशक पुराना शेड अब बन गया है खतरा, मरम्मत को लेकर प्रशासन उदासीन

Updated at : 13 Jul 2025 9:05 PM (IST)
विज्ञापन
sahibganj

साहिबगंज (फाइल फोटो)

फुदकीपुर साप्ताहिक हटिया की स्थिति जर्जर, छत और सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं दुकानदार और ग्राहक

विज्ञापन

उधवा.उधवा प्रखंड मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर पूरब स्थित उतरी सरफराजगंज पंचायत के फुदकीपुर गांव में लगने वाला पारंपरिक साप्ताहिक हटिया इन दिनों बदहाली का शिकार है. सुक्कर हटिया के नाम से प्रसिद्ध यह बाजार हर शुक्रवार को लगता है, लेकिन वर्षों से इसकी मूलभूत संरचना जर्जर अवस्था में है, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय जानकारों के अनुसार, हटिया में विक्रेताओं की सुविधा के लिए करीब 30 साल पहले एक छतदार शेड का निर्माण कराया गया था. परंतु लंबे समय से रखरखाव नहीं होने के कारण अब यह शेड पूरी तरह से टूट चुका है. इसकी छत और दीवारें इतनी कमजोर हो चुकी हैं कि हल्की बारिश में भी दुकानदारों का कच्चा माल खराब हो जाता है. खासकर सब्जी, फल, कपड़े और मिट्टी के बर्तन बेचने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. फुदकीपुर हटिया की विशेषता यह है कि यहां सुबह से दोपहर तक बकरी, बकरा एवं भेड़ की खरीद-बिक्री होती है, जबकि दोपहर से शाम तक सब्जियां, फल, मिट्टी के बर्तन और बीज सहित अनेक वस्तुएं बेची जाती हैं. यह हटिया उधवा-राधानगर मुख्य सड़क से सटा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को खरीदारी में सुविधा होती है. लेकिन अब धीरे-धीरे इसका महत्व घटता जा रहा है, क्योंकि दुकानदार यहां दुकान लगाने से हिचकिचा रहे हैं. हटिया में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है. यहां न तो सार्वजनिक शौचालय है और न ही पीने के पानी की कोई समुचित व्यवस्था. हटिया में दिनभर दुकानदारी करने वाले दुकानदारों, खासकर महिलाओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और दुकानदारों ने बताया कि वर्षों से इस हटिया के मरम्मत को लेकर कई बार प्रशासन से मांग की गयी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. यदि जल्द ही शेड की मरम्मत और मूलभूत सुविधाएं बहाल नहीं की गयीं, तो यह पारंपरिक हटिया धीरे-धीरे अपना अस्तित्व खो देगा. स्थानीय लोगों ने छतदार शेड का पुनर्निर्माण, सार्वजनिक शौचालय और पानी की सुविधा, नियमित सफाई और देखरेख की व्यवस्था, विक्रेताओं के लिए बैठने व सामान रखने की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ABDHESH SINGH

लेखक के बारे में

By ABDHESH SINGH

ABDHESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola