शादी समारोह से लौटने के बाद युवक की संदिग्ध मौत, पति-पत्नी के विवाद के बाद घर से मिला शव
फोटो नं 08 एसबीजी 23,24,25 हैकैप्सन - शनिवार को मृतक का शवरोते बिलखते परिजनशव को ले जाते पुलिस | Prabhat Khabar Network
साहिबगंज के राजमहल में दीपक मंडल की संदिग्ध परिस्थिति में मौत। शादी से लौटने के बाद पत्नी से हुआ था विवाद, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
राजमहल: राजमहल थाना क्षेत्र के कन्हैयास्थान गांव में शनिवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान दीपक मंडल (30) के रूप में हुई है. बताया गया कि दीपक मंडल शुक्रवार को पत्नी और परिवार के साथ पथरचट्टी गांव में अपनी भगिनी के शादी समारोह में शामिल होने गये थे. वहां से लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ. कुछ देर बाद दीपक की मौत की खबर फैल गयी. घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे पत्नी ललिता देवी और तीन छोटे बच्चों प्रिंस कुमार (8), प्रियांशु कुमार (6) और दिव्यांशु कुमार (3) को छोड़ गये हैं.
घर से संदिग्ध अवस्था में मिला युवक का शव
जानकारी के अनुसार, दीपक मंडल का शव उनके घर से संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ. सूचना मिलने के बाद राजमहल थाना के एएसआई सिकंदर कुमार तिर्की मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल भेज दिया.
शादी समारोह से लौटने के बाद हुआ विवाद
पारिवारिक जांच-पड़ताल में सामने आया कि दीपक मंडल अपने परिवार के साथ शुक्रवार को पथरचट्टी गांव में अपनी भगिनी के शादी समारोह में शामिल होने गये थे. बताया जाता है कि शादी समारोह से लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ. इसके कुछ देर बाद दीपक की मौत हो गयी.
कई दिनों से पति-पत्नी में चल रहा था विवाद
मृतक की बड़ी बहन समेत अन्य परिजनों ने बताया कि पिछले कई दिनों से दीपक और उनकी पत्नी ललिता देवी के बीच लड़ाई-झगड़ा हो रहा था. परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन भी शादी समारोह से लौटने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद दीपक की मौत हो गयी.
घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चा
दीपक की संदिग्ध मौत की खबर मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. ग्रामीणों का कहना था कि जिस समय घटना हुई, उस समय घर में दीपक और उनकी पत्नी के अलावा कोई तीसरा व्यक्ति मौजूद नहीं था. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने पति-पत्नी के बीच हुए विवाद को मौत से जोड़कर आशंका जतायी है. हालांकि पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है. मौत कैसे हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा.
तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
दीपक मंडल की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वह पत्नी ललिता देवी के अलावा तीन पुत्रों प्रिंस कुमार (8), प्रियांशु कुमार (6) और दिव्यांशु कुमार (3) को पीछे छोड़ गये हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है.
यूडी केस दर्ज कर पुलिस करेगी अनुसंधान
राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यूडी केस दर्ज कर मामले का अनुसंधान किया जाएगा. पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुनील ठाकुर
साहिबगंज : सुनील ठाकुर वर्ष 1999 से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने एक वर्ष तक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए भी कार्य किया है. शिक्षा, अपराध और संताल परगना में पहाडिया जनजाति जैसे विषयों पर उनकी विशेष पकड़ रही है तथा इन मुद्दों पर लगातार रिपोर्टिंग करते रहे हैं. कला, संस्कृति एवं साहित्य में उनकी गहरी रुचि है. वर्ष 2006 से साहिबगंज में जिला संवाददाता व ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










