फरक्का में पंचायत फंड को लेकर सियासी घमासान, सात करोड़ के गबन के आरोप पर प्रधान ने दी सफाई
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधान रेकसोना बीबी और उनके प्रतिनिधि अब्दुल बारीक शेख. | Prabhat Khabar Network
महादेवनगर ग्राम पंचायत में 7 करोड़ रुपये के गबन के आरोपों पर प्रधान रेकसोना बीबी ने दी मानहानि का केस करने की चेतावनी। जानिए पूरा मामला।
फरक्का: राज्य में भाजपा की नई सरकार के गठन के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता नजर आ रहा है. फरक्का विधानसभा क्षेत्र के महादेवनगर ग्राम पंचायत में भी कथित सरकारी धन के गबन को लेकर राजनीतिक विवाद सामने आया है. स्थानीय कांग्रेस के जिला स्तरीय सांगठनिक सदस्य अंसार अली ने महादेवनगर ग्राम पंचायत की प्रधान रेकसोना बीबी और उनके प्रतिनिधि अब्दुल बारीक शेख पर वर्ष 2023 से 2026 के बीच करीब सात करोड़ रुपये के सरकारी धन के गबन का आरोप लगाया है.
उन्होंने इस मामले की जांच कराने की मांग की है और जिलाधिकारी को भी मामले से अवगत कराने की बात कही है. अंसार अली का आरोप है कि वर्ष 2023 से 2026 के बीच महादेवनगर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी राशि का कथित रूप से दुरुपयोग किया गया. उन्होंने प्रधान और उनके प्रतिनिधि पर मिलीभगत कर सरकारी धन के गबन का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की सरकारी स्तर पर जांच की मांग की है.
वहीं, इन आरोपों पर महादेवनगर ग्राम पंचायत की प्रधान रेकसोना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर निराधार बताया है. कहा कि बिना तथ्यों की जानकारी के राजनीतिक लाभ लेने और तृणमूल कांग्रेस तथा पंचायत प्रतिनिधियों को बदनाम करने के उद्देश्य से इस तरह के आरोप लगाये जा रहे हैं. कहा कि वर्ष 2024 से 2026 के दौरान ग्राम पंचायत के कोष में कुल 2 करोड़ 75 लाख 78 हजार 423 रुपये प्राप्त हुये हैं.
इनमें से विभिन्न पंचायत योजनाओं पर करीब 71 लाख 29 हजार 871 रुपये खर्च किये गये, जबकि शेष राशि में से लगभग एक करोड़ रुपये पंचायत के खाते में जमा हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि वर्ष 2023 से 2026 के बीच पंचायत को कुल मिलाकर लगभग चार करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है, तो सात करोड़ रुपये के गबन का आरोप किस आधार पर लगाया जा रहा है.
प्रधान रेकसोना बीबी ने कहा कि लगाये गये आरोपों की सच्चाई सामने आनी चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपों को साबित नहीं किया गया और उन्हें वापस नहीं लिया गया, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया जायेगा. इधर, आरोप-प्रत्यारोप को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










