Jharkhand: साहिबगंज में शादीशुदा प्रेमी युगल को ग्रामीणों ने जमकर पीटा, युवक की हालत गंभीर

Updated at : 03 Jul 2024 10:29 PM (IST)
विज्ञापन
ग्रामीणों को समझाते पुलिस पदाधिकारी

ग्रामीणों को समझाते पुलिस पदाधिकारी

साहिबगंज जिले के रांगा में शादीशुदा प्रेमी युगल को एक साथ देख ग्रामीणों ने रस्सी से बांध कर पीटा. युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इन्हें छुड़ाने आयी पुलिस के साथ भी ग्रामीणों की नोक-झोंक हुई.

विज्ञापन

पतना (साहिबगंज): साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र के केंदुआ प्रधान टोला में शादीशुदा प्रेमी युगल को महिला के पति व ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी. युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस के साथ हंगामा कर रहे ग्रामीणों की काफी नोक-झोंक हो गयी. इसके बाद ग्रामीणों ने एक जवान को बंधक बना लिया. बरहरवा एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा समेत अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझा रहे थे.

महिला के पति व ग्रामीणों ने की पिटाई

साहिबगंज जिले के केंदुआ प्रधान टोले की 25 वर्षीया आदिवासी महिला का प्रेम प्रसंग आमगाछी के समीरूल हक (29 वर्ष) के साथ पिछले एक वर्ष से चल रहा था. दोनों पहले से शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी हैं. महिला के पति सोम टुडू को काफी दिनों से शक था कि वह अक्सर प्रेमी से मिल-जुल रही है. इस बात को लेकर सोम टुडू काफी नाराज था. इसी बीच बुधवार को महिला अपने प्रेमी से फोन पर बातें करते हुए घर से निकली और विजयपुर-केंदुआ के बीच जाकर समीरूल के बाइक पर बैठ गयी. तभी महिला के पति सोम टुडू व अन्य ग्रामीणों ने एक साथ पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी.

नाराज ग्रामीणों ने सिपाही को बनाया बंधक

ग्रामीण दोनों को बंधक बनाकर केंदुआ प्रधान टोला ले गये. वहां पर रस्सी से बांधते हुए दोनों की जमकर पिटाई की. जानकारी मिलते ही रांगा थाना के एएसआइ संजय कुमार सिंह कुछ जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. ग्रामीणों के चंगुल से दोनों को छुड़ाकर ले जाने लगे, तो ग्रामीणों ने सिपाही उमेश साव को घेर लिया और बंधक बना लिया. दोनों प्रेमी युगल को एएसआइ संजय कुमार सिंह ने इलाज के लिए सीएचसी बरहरवा लाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया.

युवक की हालत गंभीर

प्राथमिक उपचार के बाद महिला पुलिस अभिरक्षा में है. युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है. ग्रामीणों के चंगुल में पुलिस जवान के होने की सूचना पर बरहरवा एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, इंस्पेक्टर सुधीर कुमार पोद्दार के अलावा बरहरवा, कोटालपोखर एवं रांगा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझा रही थी.

Also Read: झारखंड के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टॉर्च की रोशनी में हो रहा इलाज, मरीज के परिजनों में आक्रोश

विज्ञापन
Guru Swarup Mishra

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola