सप्तमी पर श्रद्धा और आस्था से साहिबगंज सराबोर, माता के दर्शन को उमड़ी मंदिरों में भीड़

Updated:
विज्ञापन
सप्तमी पर श्रद्धा और आस्था से साहिबगंज सराबोर, माता के दर्शन को उमड़ी मंदिरों में भीड़

प्राण प्रतिष्ठा और भक्ति जागरण के साथ भक्तिमय हुआ माहौल, पूजा पंडालों और रोशनी ने मोहा मन

विज्ञापन

साहिबगंज. शारदीय नवरात्रि के सातवें दिन, सोमवार को सप्तमी के अवसर पर साहिबगंज शहर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंगा नजर आया. मां दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही शहर के सभी दुर्गा मंदिरों के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिये गये. सुबह से ही मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. शहर के विभिन्न पूजा पंडालों को भव्य रूप से सजाया गया था, जिसमें आकर्षक मूर्तियां, सजावट और लाइटिंग ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया. साक्षरता चौक स्थित कातरगंज, झरना कॉलोनी और रेलवे इंस्टिट्यूट के समीप नॉर्थ कॉलोनी का पूजा पंडाल विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा. बांग्ला समाज की ओर से पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा आयोजित की गयी, जिसमें रोशन क्लब बंगाली टोला, सुभाष कॉलोनी, झरना कॉलोनी और साउथ कॉलोनी में महिला-पुरुषों की अच्छी-खासी भागीदारी देखने को मिली. पारंपरिक परिधानों में सजे श्रद्धालुओं ने पूजा में गहरी आस्था के साथ हिस्सा लिया. सप्तमी की पूजा में चौक बाजार दुर्गा मंदिर में प्रातःकाल पुरोहित प्रद्युम्न पांडेय द्वारा बिल्व पत्र भरने और नवपत्रिका पूजन की प्रक्रिया प्रारंभ की गयी. अपराह्न में मां दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. संध्या के समय चौक बाजार दुर्गा पूजा परिसर में भक्ति जागरण का आयोजन किया गया, जिसने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया. पूजा समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक वातावरण और उत्साह बनाये रखने के उद्देश्य से भक्ति जागरण का आयोजन किया गया है. पूरे शहर में आस्था, संस्कृति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Abdhesh Singh

लेखक के बारे में

By Abdhesh Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola