उधवा में आठ ग्राम एमडीएमए मादक पदार्थ के साथ युवक गिरफ्तार
Published by : ABDHESH SINGH Updated At : 07 Jun 2026 10:33 PM
साहिबगंज (फाइल फोटो)
पुलिस को देखते ही एक युवक भागने का प्रयास करने लगा
राजमहल
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने उधवा ओवरब्रिज के पास छापेमारी कर एक युवक को प्रतिबंधित मादक पदार्थ (MDMA) के साथ गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय फिरोज शेख के रूप में हुई है, जो पहाड़गांव, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज का निवासी है. उसके पास से 7.88 ग्राम अवैध एमडीएमए बरामद किया गया. एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 6 जून को पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि उधवा ओवरब्रिज के निकट मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना की पुष्टि और त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. बीडीओ सह सीओ उधवा जयंत कुमार तिवारी की उपस्थिति में राधानगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की. पुलिस को देखते ही एक युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेरकर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एमडीएमए बरामद हुआ. इस मामले में राधानगर थाना में कांड संख्या 198/26 दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है. बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया तथा रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं. साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.
छापेमारी टीम में शामिल रहे अधिकारी :इस कार्रवाई में उधवा के सीओ जयंत कुमार तिवारी, राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार दुबे, सुनील कुमार मेहता, हवलदार प्रह्लाद मेहरा, आरक्षी दुलारचंद यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










