Jharkhand News: बच्चा चोर की अफवाह पर पहुंची पुलिस पर हमला, तीन पुलिसकर्मी घायल, गाड़ी क्षतिग्रस्त

पुलिस हमले में क्षतिग्रस्त वाहन
Jharkhand News: साहिबगंज जिले के बरहेट में बच्चा चोर की अफवाह पर पहुंची पुलिस पर हमला किया गया है. इसमें तीन जवान घायल हो गए हैं. शरारती तत्वों ने पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 नामजद और सात अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. हमले में एएसआई पवन कुमार, हवलदार सादिक अली और ललित चौहान घायल हुए हैं. बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने कहा कि शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.
Jharkhand News: बरहरवा/बरहेट (साहिबगंज)-बरहेट में बच्चा चोर की अफवाह पर पहुंची पुलिस पर शरारती तत्वों ने हमला कर दिया. हमले में तीन पुलिसकर्मी एएसआई पवन कुमार, हवलदार सादिक अली और ललित चौहान घायल हो गए. इनमें ललित की हालत गंभीर है. इन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. यह मामला गुरुवार की देर रात का है. साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र के चिहारपहाड़ गांव की ये घटना है.
शरारती तत्वों ने पुलिस पर किया हमला
इन दिनों क्षेत्र में बच्चा चोर की अफवाह काफी फैली हुई है. गुरुवार की देर रात बरहेट थाना क्षेत्र के चिहारपहाड़ गांव में कुछ लोगों द्वारा गांव में बच्चा चोर आ जाने की अफवाह फैला दी गयी. सूचना पर पुलिस पहुंची तो कोई बच्चा चोर नहीं मिला. पुलिस गांववालों को समझा रही थी कि ऐसी कोई बात नहीं है. तभी गांव के कुछ शरारती तत्वों ने पुलिस पर हमला कर दिया. इसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये. इसके साथ ही उनके वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया.
पुलिस ने लिया एक्शन
हमले में घायल जवानों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया. घायल ललित की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. इस मामले में एएसआई पवन कुमार के बयान पर बरहेट थाने में 20 नामजद और सात अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
शरारती तत्वों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई-एसडीपीओ
बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने कहा कि पुलिस ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए है. लोग कहीं भी किसी तरह की अफवाह फैला देते हैं, यह अच्छी बात नहीं है. ऐसी अफवाह पर जब पुलिस पहुंचती है, तो ये लोग उनसे भी उलझ जाते हैं. ऐसे शरारती तत्वों के विरुद्ध पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




