दोस्त ही निकला हमलावर : पुलिस ने दबोचा, देसी कट्टा बरामद

Updated:
विज्ञापन
दोस्त ही निकला हमलावर : पुलिस ने दबोचा, देसी कट्टा बरामद

काटरगंज यज्ञ मेला में दोस्त ने दोस्त को मारी गोली, खाना खाते वक्त वारदात

विज्ञापन

साहिबगंज.

जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के काटरगंज में आयोजित लक्ष्मी नारायण यज्ञ मेला सोमवार देर रात गोलियों की आवाज से दहल उठा. रात करीब एक बजे हुई इस वारदात ने सबको हैरान कर दिया, जब यह खुलासा हुआ कि घायल युवक पर गोली चलाने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका ही दोस्त था. घायल की पहचान जिरवाबाड़ी चानन निवासी महेश मंडल के 23 वर्षीय पुत्र शिव कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि शिव कुमार रोज की तरह मेले में अपनी दुकान चला रहा था. देर रात दुकान बंद करने के बाद वह अपने दोस्तों और अन्य दुकानदारों के साथ यज्ञ स्थल के पास भोजन कर रहा था, तभी अचानक गोली चल गयी और उसे जा लगी. घायल शिव कुमार ने बताया कि शुरुआत में उसे यह समझ नहीं आया कि गोली किसने चलायी, लेकिन बाद में पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी उसका ही परिचित (दोस्त) निकला. गोली उसके जबड़े (ठुड्डी) के एक तरफ लगी और दूसरी तरफ से निकल गयी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गयी और आरोपी फरार हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. डॉ मुकेश कुमार ने बताया कि गोली आर-पार हो गयी है, लेकिन जबड़ा पूरी तरह फ्रैक्चर हो गया है. इधर, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिरवाबाड़ी थाना में कांड संख्या 58/26 दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की गयी. छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी लाल बाबू (उम्र 26 वर्ष) पिता लक्ष्मण यादव, निवासी छोटाघाघर, जिरवाबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर एक देसी कट्टा बरामद किया गया. उक्त मामले को लेकर एसडीपीओ किशोर तिर्की ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मी पुअनि शशि सिंह, पुअनि पंकज वर्मा, पुअनि अजीत लकड़ा, पुअनि कार्तिक उरांव, सअनि संजय कुमार एवं सशस्त्र बल की टीम शामिल थी.

विज्ञापन
Abdhesh Singh

लेखक के बारे में

By Abdhesh Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola