पहाड़ी क्षेत्र में लाभुकों को नहीं मिला पक्का मकान, बहलाकर-फुसलाकर निकाल ली राशि

Updated:
विज्ञापन
पहाड़ी क्षेत्र में लाभुकों को नहीं मिला पक्का मकान, बहलाकर-फुसलाकर निकाल ली राशि

बोरियो में आदिवासी परिवारों के लिए पीएम-जनमन आवास योजना में गड़बड़ी का मामला

विज्ञापन

बोरियो

प्रखंड के मोतिपहाड़ी बड़ा पंचायत क्षेत्र के बांस पहाड़ में रहने वाले आदिम जनजाति पहाड़िया परिवारों के लिए प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत पक्के मकान बनाने का प्रयास भ्रष्ट बिचौलियों और अधिकारियों की मिलीभगत के कारण विफल साबित हो रहा है. वित्तीय वर्ष 2024-25 में गांव के 24 पात्र लाभुकों को योजना के तहत आवास बनाने की स्वीकृति दी गयी थी. लाभुकों के खाते में पहली किस्त आते ही बिचौलिये ने उन्हें बहलाकर-फुसलाकर राशि निकाल ली और निर्माण कार्य शुरू कर दिया. नियमानुसार आवास का निर्माण कम से कम 25 वर्ग मीटर में होना था, लेकिन बिचौलिये ने केवल 15 वर्ग मीटर में ही नींव रख दी. लाभुकों ने जब कमरे का आकार बड़ा करने का अनुरोध किया, तो बिचौलिये ने योजना से वंचित करने की धमकी दी. लाभुक बबलू मालतो ने बताया कि निर्माण में केवल 8 मिमी का सरिया इस्तेमाल किया गया और कमरा काफी छोटा बनाया गया. रूपी पहाड़ीन ने कहा कि बिचौलिये ने फिंगरप्रिंट स्कैनर पर अंगूठा लगाकर राशि निकाल ली, लेकिन उनका घर अभी तक तैयार नहीं हुआ. लाभुक बुधनी पहाड़िन ने बताया कि पिछले वर्ष बिचौलिये ने घर का निर्माण पूरा किया था, लेकिन बारिश में छत से पानी टपकता है. श्रवण मालतो ने बताया कि घटिया सामग्री का उपयोग होने के कारण दीवारों में दरारें पड़ने लगी हैं. 24 में से केवल 6 आवास बनकर तैयार हुए हैं, जबकि 18 आवास अधूरे पड़े हैं. निर्माण में केवल दो क्विंटल सरिया और कम मात्रा में सीमेंट का उपयोग किया गया. लाभुकों का कहना है कि यदि उच्च स्तरीय जांच की जाये तो भ्रष्टाचार का पर्दाफाश होगा. उन्होंने डीसी और डीडीसी से स्थानीय जांच कर बिचौलियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. इसी संदर्भ में बीडीओ सह सीओ नागेश्वर साव ने कहा कि योजनास्थल का जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी हाल में आवास निर्माण में अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

विज्ञापन
Abdhesh Singh

लेखक के बारे में

By Abdhesh Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola