कारोबारी 80 लाख की साइबर ठगी, यूपी के दो आरोपी गिरफ्तार
Published by : ABDHESH SINGH Updated At : 10 Apr 2026 10:35 PM
साहिबगंज (फाइल फोटो)
40 दिनों बाद नगर थाने की पुलिस को मिली सफलता, एसपी ने किया खुलासा
साहिबगंज
शहर के कारोबारी सुनील कुमार भरतीया से हुई 80 लाख 9 हजार 974 रुपये की साइबर ठगी मामले में नगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा करते हुए कहा कि जिले में अपराध करनेवाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जायेगा. एसपी ने बताया कि 26 फरवरी को भारतीय रोड निवासी सुनील कुमार भरतीया ने नगर थाने में आवेदन देकर शिकायत दर्ज करायी थी कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर 80,09,974 रुपये की ठगी कर ली. मामले में नगर थाना कांड संख्या 34/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आइटी एक्ट की धारा 66(b), 66(c), 66(d) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरहरवा नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. अनुसंधान के क्रम में पुलिस को जानकारी मिली कि ठगी की राशि विभिन्न बैंक खातों में भेजी गयी थी. आइसीआइसीआइ बैंक के खाते में 6 फरवरी को 25 लाख 91 हजार रुपये भेजे गए थे. जांच में पता चला कि बैंक खाता सावित्री ट्रस्ट, खंडवारी, थाना बलुआ, जिला चंदौली (उत्तर प्रदेश) के नाम पर संचालित है, जिसके मैनेजिंग ट्रस्टी अनुराग दुबे और ट्रस्टी अंकित दुबे हैं. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उसी दिन खाते में करीब 4 करोड़ 41 लाख 13 हजार रुपये जमा हुए थे, जिन्हें तुरंत निकाल लिया गया. तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर अनुराग दुबे और अंकित दुबे, दोनों पिता उमेश कुमार दुबे, निवासी खंडवारी, चहनियां थाना बलुआ, जिला चंदौली (उप्र) को गिरफ्तार कर लिया. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. एसपी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. छापामारी दल में कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










