आज की तस्वीरें: सीएम के संज्ञान से टॉपर छोटी को मिली राहत, कांके रोड पर पहली बार रथ पर विराजे महाप्रभु जगन्नाथ, देखें Photos

सीएम हेमंत सोरेन ने टॉपर छोटी की पढ़ाई जारी रखने का निर्देश दिया. कांके रोड पर पहली बार निकली भव्य रथयात्रा. जानें बारिश से हुए जलजमाव और गंदगी का हाल.

सीएम ने लिया संज्ञान, स्टेट टॉपर छोटी की नहीं रुकेगी पढ़ाई
प्रभात खबर में प्रकाशित मेधावी छात्रा छोटी कुमारी को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता नहीं मिलने संबंधी खबर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल संज्ञान लिया. उन्होंने बोकारो डीसी को जांच कर छात्रा को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. वहीं विधायक जयराम महतो ने भी पहल करते हुए छात्रा के परिजनों को बुलाया और पूरे साल की फीस के लिए 16 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी.

3.22 लाख अभ्यर्थियों ने भरा था फॉर्म, पर परीक्षा देने के लिए 86,444 ही पहुंचे
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की ओर से 510 पदों पर क्षेत्रीय कार्यकर्ता की नियुक्ति के लिए रविवार को आयोजित की गयी परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई. चौंकानेवाली बात यह है कि इस परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति मात्र 26.77 फीसदी रही. जेएसएससी के अनुसार, क्षेत्रीय कार्यकर्ता के लिए लगभग 3,22,867 अभ्यर्थियों ने आवेदन भरा था. इनमें से मात्र 86,444 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए, जबकि कुल 2,36,423 (73.23%) अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. यानी हर चार में से तीन अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए.

पहली बार कांके रोड में रथ पर विराजे महाप्रभु जगन्नाथ
जय जगन्नाथ, हरे कृष्णा-कृष्णा कृष्णा हरे-हरे... के जयघोष से रविवार को लेक एवेन्यू, कांके रोड का पूरा इलाका गूंज उठा. इस्कॉन रांची की ओर से पहली बार यहां भव्य रथयात्रा निकाली गयी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. रथ यात्रा के लिए हैदराबाद से एक छोटा और सुंदर रथ मंगाया गया था, जिसे आकर्षक तरीके से सजाया गया था. इससे पहले सुबह साढ़े चार बजे भगवान की पूजा-अर्चना की गयी. सुबह आठ बजे दर्शन आरती के बाद भगवान को भोग अर्पित किया गया.

बारिश थमी पर आफत नहीं, 24 घंटे बाद भी गंदगी और जलजमाव
राजधानी में शनिवार को हुई बारिश ने शहर की व्यवस्था की पोल खोल दी. डेढ़ घंटे की तेज बारिश से कई सड़कें जलमग्न हो गयीं. निचले इलाकों में बने घरों और दुकानों में पानी घुस गया. बारिश थमे 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कई इलाकों को जलजमाव और गंदगी से राहत नहीं मिल सकी. हलधर प्रेस गली, लोहराकोचा, खोरहाटोली, बांधगाड़ी, परमार्थ नगर तुपुदाना सहित कई इलाके के लोग पानी निकासी में जुटे रहे.

रथ यात्रा से भी ज्यादा भीड़, माता लक्ष्मी की पालकी यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र
रविवार को जगन्नाथपुर मंदिर में रथ यात्रा के दिन से भी अधिक भीड़ उमड़ी. इस अवसर पर जगन्नाथपुर श्री मंदिर (मुख्य मंदिर) से माता लक्ष्मी की पालकी यात्रा निकाली गई और उन्हें मौसीबाड़ी ले जाया गया. वहां माता लक्ष्मी को रथ पर विराजमान कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई. इसके बाद परंपरा के अनुसार माता लक्ष्मी ने सांकेतिक रूप से रथ को खंडित किया. बाद में रथ निर्माता ने रथ की मरम्मत कर उसे फिर से ठीक किया. इसके पश्चात माता लक्ष्मी की पालकी के साथ उनकी वापसी मुख्य मंदिर में हुई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By भूमि शर्मा
भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










