चूरी परियोजना और जलापूर्ति व्यवस्था का महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण

चूरी पंप हाउस का निरीक्षण करते महाप्रबंधक अमिताभ कुमार तिवारी एवं अन्य अधिकारी. | Prabhat Khabar Network
सीसीएल एनके एरिया के महाप्रबंधक ने चूरी परियोजना के उत्पादन और कॉलोनी में बाधित जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण कर सुधार के निर्देश दिए।
खलारी: सीसीएल एनके एरिया के महाप्रबंधक अमिताभ कुमार तिवारी ने रविवार को चूरी परियोजना एवं चूरी कॉलोनी की जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना के संचालन, कोयला उत्पादन, डिस्पैच तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. सबसे पहले महाप्रबंधक चूरी परियोजना पहुंचे, जहां उन्होंने परियोजना पदाधिकारी अनुज कुमार के साथ परियोजना की कार्यप्रणाली और इसके बेहतर संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की. भूमिगत खदानों के संचालन का अनुभव रखने वाले महाप्रबंधक ने परियोजना के विभिन्न तकनीकी स्थलों का निरीक्षण कर उत्पादन क्षमता बढ़ाने एवं कोयले के डिस्पैच को और प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने विद्युत व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी इंतजामों की भी जानकारी ली. इसके बाद महाप्रबंधक चूरी कॉलोनी की जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे. निरीक्षण के दौरान श्रमिक प्रतिनिधि सोनू पांडेय के द्वारा उन्हें जानकारी मिली कि कॉलोनी में कुएं से पेयजल आपूर्ति करने वाला मोटर खराब होने के कारण पिछले दस दिनों से जलापूर्ति बाधित है. इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मोटर की मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया. साथ ही कॉलोनी के क्वार्टरों में नदी के पानी की आपूर्ति की जानकारी मिलने पर उन्होंने निर्देश दिया कि पानी को फिटकरी एवं अन्य आवश्यक रसायनों से शुद्ध करने के बाद ही लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके. इस दौरान महाप्रबंधक ने स्पष्ट रूप से कहा कि कोयला उत्पादन के साथ-साथ कामगारों से संबंधित समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










