BJP नेता सीता सोरेन ने हार के लिए झारखंड प्रदेश नेतृत्व को कोसा, इन लोगों पर लगाया विश्वासघात का आरोप
Published by : Sameer Oraon Updated At : 18 Jun 2024 7:58 AM
Sita Soren
सीता सोरेन ने अपनी हार के लिए प्रदेश नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया है. साथ ही लुईस मरांडी व रणधीर सिंह पर विश्वासघात करने का आरोप लगाया है.
रांची: लोकसभा चुनाव में भाजपा ने झामुमो छोड़ पार्टी में आयीं सीता सोरेन को दुमका से प्रत्याशी बनाया. सीता सोरेन चुनाव हार गयीं. सीता सोरेन ने अपनी हार के लिए भाजपा के बड़े नेताओं व विधायक को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने भाजपा की पूर्व मंत्री लुईस मरांडी व सारठ विधायक रणधीर सिंह पर विश्वासघात करने का आरोप लगाया है. वहीं, प्रदेश नेतृत्व को भी कोसा है. ‘प्रभात खबर’ के प्रमुख संवाददाता सतीश कुमार ने इनसे विशेष बातचीत की.
सवाल : चुनाव में आपकी हार की क्या वजह रही?
जवाब : देखिये, चुनाव में भाजपा के संगठन की जो मजबूती है, वह देखने को नहीं मिली. भाजपा के कार्यकर्ता मनमानी पर उतर आये थे. भाजपा की पाकुड़ विधानसभा की प्रभारी लुईस मरांडी और दुमका लोकसभा क्षेत्र के संयोजक रणधीर सिंह ने विश्वासघात किया. यही मेरी हार की मुख्य वजहों में से एक है. हालांकि, चुनाव में मुझे जमीनी कार्यकर्ता व जनता का पूरा समर्थन मिला. यही वजह है कि मेरी हार का अंतर कम रहा.
सवाल : प्रदेश नेतृत्व का सहयोग कैसा रहा?
जवाब : मुझे प्रदेश नेतृत्व का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाया. प्रदेश के नेता केवल दिखावे के लिए मेरे साथ थे. मेरे साथ भितरघात हुआ है. इसकी जानकारी प्रदेश नेतृत्व को दी गयी थी, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हुई. आज नतीजा सामने है. हार की समीक्षा कर कोरम पूरा किया जा रहा है. इसमें सही बातें सामने नहीं आ पायेंगी. मैंने खुद प्रदेश नेतृत्व को सारे बातों से अवगत कराया है. इस पर प्रदेश नेतृत्व को विचार कर इसकी समीक्षा करनी चाहिए.
सवाल : क्या जामा विधानसभा से फिर से चुनाव लड़ेंगी?
जवाब : इस बार विधानसभा का चुनाव मजबूती से लडूंगी. जामा विधानसभा एसटी के आरक्षित है. इसमें कुछ तकनीकी अड़चन आ रही है. इस वजह से मैं किसी सामान्य सीट से चुनाव लड़ूंगी.
सवाल : जामा विधानसभा से किसे चुनाव लड़ाना चाहती हैं?
जवाब : जामा विधानसभा में लगातार तीन बार विधायक रही. लगातार मुझे यहां की जनता का स्नेह मिलता रहा है. इस बार जामा से बेटी जयश्री को चुनाव लड़ाया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










