रांची वाले पहले ही भर लें बाल्टी और टैंक, कल 12 घंटे नहीं आएगा पानी, जानें क्या है वजह

रूक्का पाइपलाइन की मरम्मत के कारण आधा रांची को कल 12 घंटे तक नहीं मिलेगा पानी, Symbolic Pic Credit- AI
Ranchi Water Crisis: रांची के लिए बड़ी खबर है. मंगलवार 21 अप्रैल को रूक्का पाइपलाइन की मरम्मत और डब्ल्यूटीपी की सफाई के कारण शहर के बड़े हिस्से में सुबह 6 से शाम 6 बजे तक जलापूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी. रिम्स, बरियातू, रातू रोड और मेन रोड जैसे इलाकों पर सबसे अधिक असर पड़ेगा. प्रशासन ने असुविधा से बचने के लिए समय रहते पानी का भंडारण करने की सलाह दी है. पढ़ें कौन कौन से इलाके होंगे प्रभावित?
Ranchi Water Crisis, रांची (विवेक चंद्रा की रिपोर्ट): झारखंड की राजधानी रांची में रहने वालों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है. मंगलवार, 21 अप्रैल को शहर के एक बड़े हिस्से में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी. पेयजल एवं स्वच्छता स्वर्णरेखा शीर्षकार्य प्रमंडल के अनुसार, रूक्का राइजिंग पाइपलाइन में आए लीकेज की मरम्मत और पुराने जलशोध संस्थान (डब्ल्यूटीपी) के संप की सफाई का कार्य किया जाना है. विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है और प्रभावित होने वाले क्षेत्रों को अपने लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की सलाह दी है.
12 घंटे तक नहीं खुलेगा सरकारी नल
विभागीय सूचना के अनुसार, जलापूर्ति बाधित रहने का समय सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है. इस 12 घंटे की अवधि के दौरान हुटुप रूक्का सेक्शन ऑफिस, रूक्का मोड़, रिंग रोड गोलचक्कर, सुधांशु स्कूल और पुराने डब्ल्यूटीपी परिसर के पास पाइपलाइन लीकेज को ठीक किया जाएगा. मरम्मत कार्य को समय पर पूरा करने के लिए सहायक और कनीय अभियंताओं की विशेष टीमें तैनात की गई हैं.
बरियातू, रिम्स और रातू रोड पर पड़ेगा सर्वाधिक प्रभाव
जलापूर्ति ठप रहने से शहर के कई प्रमुख इलाके प्रभावित होंगे. इसमें बरियातू हाउसिंग कॉलोनी, बरियातू रोड और रिम्स (RIMS) परिसर में सबसे अधिक किल्लत होने की आशंका है. इसके अतिरिक्त हिंदपीढ़ी, ओसीसी, मेन रोड, लालपुर, कोकर, चुटिया, रेलवे स्टेशन, नामकुम, रातू रोड, बुटी, बीआईटी विकास और इरबा जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में भी पानी की सप्लाई बंद रहेगी.
विभाग की अपील: समय रहते करें भंडारण
कार्यपालक अभियंता ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए यह मरम्मत और सफाई कार्य अनिवार्य है. विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोमवार शाम या मंगलवार सुबह 6 बजे से पहले ही अपनी जरूरत के अनुसार पानी का संचयन (भंडारण) कर लें, ताकि दैनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए. विभाग ने इस अनिवार्य शटडाउन के कारण होने वाली असुविधा के लिए खेद भी प्रकट किया है.
Also Read: पश्चिमी सिंहभूम में सेल प्रबंधन और युवाओं के बीच ठनी: साढ़े 12 घंटे तक सड़क बाधित, अब 5 मई को बैठक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




