रांची के धुर्वा से लापता दो बच्चों को पुलिस ने तुपुदाना से खोजा, 24 घंटे के भीतर सफल हुआ सर्च ऑपरेशन

Updated:
विज्ञापन
Ranchi Police News

रांची पुलिस, Pic Credit- Facebook

Ranchi Police News: रांची के धुर्वा (जगन्नाथपुर) से मां की डांट के बाद लापता हुए दो मासूम भाई-बहन को रांची पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तुपुदाना के चांद गांव स्थित चर्च से सकुशल बरामद कर लिया है. एसएसपी के निर्देश पर 8 थानों की टीम खोजबीन में जुटी थी.

विज्ञापन

रांची से प्रणव की रिपोर्ट

Ranchi Police News, रांची : रांची पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर धुर्वा पटेल नगर से घर से लापता हुए दो मासूम भाई-बहन को सकुशल बरामद कर लिया है. मां द्वारा धूप में खेलने से मना करने पर नाराज होकर घर से निकले इन बच्चों को पुलिस की विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी (Technical Surveillance) की मदद से बुधवार को तुपुदाना के चांद गांव स्थित चर्च से सुरक्षित ढूंढ निकाला. बच्चों की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस प्रशासन का आभार जताया है.

धूप में खेलने से मना करने पर घर से निकले थे मासूम

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सोमवार (25 मई 2026) की दोपहर करीब 12 बजे जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के धुर्वा, पटेल नगर (सेक्टर-01) निवासी चिरंजीव कुमार महतो के 6 वर्षीय पुत्र युवांश महतो और 10 वर्षीय पुत्री रौशनी कुमारी को उनकी मां ने कड़ी धूप में बाहर खेलने से मना किया था. इस बात से नाराज होकर दोनों मासूम पैदल ही घर से निकल गए. काफी देर तक जब दोनों वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने अपने स्तर से खोजबीन शुरू की, लेकिन बच्चों का कहीं पता नहीं चला.

Also Read: ट्रेन से कटकर युवक की मौत, पहचान होने के बाद जांच में जुटी पुलिस

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुईं कई विशेष टीमें

जब बच्चों का कुछ भी पता नहीं चला तो पिता ने जगन्नाथपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस तुरंत रेस हुई. मामले की गंभीरता और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), रांची के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (SP City) और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP Rural) के संयुक्त निर्देशन में एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. पुलिस उपाधीक्षक (DSP) हटिया और डीएसपी (HQ 1) के नेतृत्व में एक संयुक्त टास्क फोर्स का गठन किया गया. इस विशेष टीम में जगन्नाथपुर थाना, धुर्वा थाना, अरगोड़ा थाना, डोरंडा थाना, तुपुदाना ओपी, पुंदाग ओपी, डेली मार्केट और लोअर बाजार थाना सहित कई थानों के पदाधिकारियों और जवानों को शामिल कर अलग-अलग टीमों को शहर के कोने-कोने में रवाना किया गया.

चर्च से सकुशल बरामद हुए दोनों बच्चे

गठित टीमों ने रांची शहर और आसपास के इलाकों में लगे दर्जनों सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले. तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं. इसी कड़ी में बुधवार 27मई 2026 को पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी, जब दोनों बच्चों को तुपुदाना के चांद गांव स्थित चर्च से बिल्कुल सुरक्षित बरामद कर लिया गया. पुलिस अब इस मामले में आगे की आवश्यक कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई पूरी कर रही है.

Also Read: बाबूलाल मरांडी पर FIR दर्ज कराएंगे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, आरोपों को बताया निराधार

विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola