बाबूलाल मरांडी पर FIR दर्ज कराएंगे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, आरोपों को बताया निराधार

Updated:
विज्ञापन

प्रेस वार्ता के दौरान दूरबीन दिखाते मंत्री इरफान अंसारी

Dr Irfan Ansari: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के खिलाफ कोर्ट जाने और FIR करने की बात कही है. नामकुम में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने एंबुलेंस और दवा घोटाले के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया.

विज्ञापन

रांची से विपिन सिंह की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

Dr Irfan Ansari, रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा स्वास्थ्य विभाग पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर कड़ा रुख अख्तियार किया है. रांती के नामकुम स्थित आईपीएच (IPH) सभागार में आयोजित एक उच्चस्तरीय प्रेस वार्ता के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि वे इन झूठे और अनर्गल आरोपों के खिलाफ बाबूलाल मरांडी पर एफआईआर (FIR) दर्ज कराएंगे और इस पूरे मामले को अदालत (कोर्ट) में ले जाएंगे. उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा सरकार और विभाग की छवि धूमिल करने की नीयत से यह पूरी साजिश रची गई है.

बाबूलाल झूठे व्यक्ति : डॉ. इरफान अंसारी

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बाबूलाल मरांडी द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब दिया. एंबुलेंस और दवा खरीद में किसी भी तरह के घोटाले के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए मंत्री ने कहा कि बाबूलाल मरांडी एक झूठे व्यक्ति हैं, आरोप लगाना और फिर भाग जाना उनकी पुरानी फितरत रही है. वह सूबे के मुख्यमंत्री जैसे गरिमामई और उच्च संवैधानिक पद पर रह चुके हैं. ऐसे में उन्हें बिना तथ्यों के अनर्गल आरोप लगाते हुए अपनी गरिमा का ख्याल रखना चाहिए था.” स्वास्थ्य मंत्री ने मीडिया के सामने नेता प्रतिपक्ष को चुनौती दी कि वे अपने आरोपों की प्रामाणिकता साबित करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस महालेखाकार (AG) की प्रारंभिक रिपोर्ट को आधार बनाकर बाबूलाल मरांडी उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, उसके तथ्य कई साल पुराने हैं. इस संबंध में उन्होंने खुद महालेखा कार्यालय को पत्र लिखकर स्थिति स्पष्ट की है.

Also Read: कोयला उत्पादन की अंधी दौड़ में उजड़ रहे जंगल, टंडवा-केरेडारी से गायब होती हरियाली

स्वास्थ्य मंत्री पत्रकारों के सामने लहराया दूरबीन

बाबूलाल मरांडी के उस बयान पर जिसमें उन्होंने दावा किया था कि एनएचएम (NHM) परिसर में 251 एंबुलेंस बेकार खड़ी धूल फांक रही हैं, स्वास्थ्य मंत्री ने तीखा तंज कसा. पत्रकारों के सामने एक दूरबीन लहराते हुए मंत्री ने कहा कि मैं बाबूलाल मरांडी को यह दूरबीन उपहार में देता हूं, वह इसके जरिए देखकर जनता को बताएं कि आखिर कहां एंबुलेंस बेकार खड़ी हैं. मंत्री के वक्तव्य को तकनीकी रूप से आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) झारखंड के निदेशक शशि प्रकाश झा ने बताया कि राज्य में ‘108 एंबुलेंस सेवा’ के तहत सभी गाड़ियां सुचारू रूप से चल रही हैं. वर्तमान में बेड़े में कुल 337 एंबुलेंस शामिल हैं, जिनमें से कई गाड़ियां आठ लाख किलोमीटर से अधिक चलने के बावजूद लगातार जनता को सेवाएं दे रही हैं. उन्होंने विभाग द्वारा 206 नई एंबुलेंस की खरीद प्रक्रिया को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं.

दवा एक्सपायरी और सेवा विस्तार के आरोपों पर दी सफाई

दवाओं के एक्सपायर होने और बर्बाद होने के आरोपों पर डॉ. इरफान अंसारी ने तार्किक सफाई देते हुए कहा कि कई बार आपदा प्रबंधन या विशेष संक्रामक बीमारियों से निपटने के लिए एडवांस में दवाओं की थोक खरीद की जाती है. यदि समय रहते बीमारी का प्रकोप कम हो जाए, तो कुछ दवाएं स्टॉक में बच जाती हैं. उन्होंने यह भी खुलासा किया कि सरकारी लैब जांच में जो भी दवाएं मानक पर खराब (Substandard) पाई गईं, उनका भुगतान रोक दिया गया और उन्हें जनता के बीच वितरित होने से पहले ही रोककर संबंधित बैच को वापस कंपनियों को लौटा दिया गया है. इसके अतिरिक्त, शैलेंद्र श्रीवास्तव की नियुक्ति पर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि उन्हें कोई मनमाना सेवा विस्तार नहीं दिया गया है, बल्कि एक तय प्रक्रिया और उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए दिसंबर महीने में महज 35 हजार रुपये के मानदेय (पगार) पर उन्हें नियुक्त किया गया है. प्रेस वार्ता के अंत में डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वे झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं और ऐसे निराधार आरोपों से उनका मनोबल कमजोर नहीं होने वाला.

Also Read: महुआ दारू बनाने के फेर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, सेफ्टी टैंक में जहरीली गैस से घुट गया दम

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola