महुआ दारू बनाने के फेर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, सेफ्टी टैंक में जहरीली गैस से घुट गया दम

Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 27 May 2026 3:33 PM

विज्ञापन

सेफ्टी टैंक में छुपाया गया जावा महुआ. एआई जेनरेटेड फोटो

Hazaribagh News: हजारीबाग के कूद मोहल्ले में जावा महुआ से निकली जहरीली गैस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी. सेफ्टी टैंक में एक-दूसरे को बचाने उतरे लोग बेहोश हो गये. एक व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

हजारीबाग से जयनारायण की रिपोर्ट

Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग शहर से सटे कूद मोहल्ले में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. जावा महुआ से दारू बनाने के दौरान एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से बीमार हो गया है. मृतकों में 44 वर्षीय मदन साव, 26 वर्षीय रवि साव और 50 वर्षीय चमेली देवी शामिल हैं. वहीं, आनंद साव की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद कटकमदाग पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

सेफ्टी टैंक में जावा महुआ गलाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, आनंद साव के अर्धनिर्मित मकान के सेफ्टी टैंक का इस्तेमाल जावा महुआ गलाने के लिए किया जा रहा था. बताया जा रहा है कि टैंक के भीतर प्लास्टिक की कई बाल्टियों में जावा महुआ रखा गया था. मंगलवार रात आनंद साव उन्हीं बाल्टियों में एक बाल्टी को निकालने के लिए सीढ़ी के सहारे टैंक के अंदर उतरे. जैसे ही वह टैंक के भीतर पहुंचे, वहां जावा महुआ की जहरीली गैस की चपेट में आ गये और बेहोश होकर गिर पड़े. काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकले, तो उनकी पत्नी चमेली देवी चिंतित हो गयीं. पति को बचाने के लिए वह भी टैंक में उतर गयीं, लेकिन कुछ ही देर में वह भी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गयीं.

एक-एक कर टैंक में उतरते गये परिवार के लोग

करीब आधे घंटे तक दोनों के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य अर्धनिर्मित मकान पहुंचे. वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि आनंद साव और चमेली देवी दोनों सेफ्टी टैंक के भीतर मूर्छित अवस्था में पड़े हैं. माता-पिता को बचाने के लिए उनका पुत्र रवि साव तुरंत टैंक में उतर गया. लेकिन जहरीली गैस का असर इतना ज्यादा था कि वह भी अंदर जाते ही बेहोश हो गया. लगातार तीन लोगों के बेहोश होने से परिवार और आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गयी. इसके बाद आनंद साव के भाई मदन साव रस्सी लेकर टैंक में उतरे ताकि अंदर फंसे लोगों को बांधकर बाहर निकाला जा सके. लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गये और बेहोश होकर गिर पड़े. देखते ही देखते पूरा परिवार हादसे का शिकार हो गया.

कुछ दिन पहले ही पुलिस ने की थी छापेमारी

बताया यह भी जा रहा है कि कूद मोहल्ले में अवैध तरीके से महुआ दारू बनाने की सूचना पर स्थानीय पुलिस ने छापेमारी की थी. इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने आनंद साव के घर पर भी छापा मारा था. इस छापेमारी के बाद पुलिस की आंख में धूल झोंकने के लिए आनंद साव का परिवार अर्धनिर्मित मकान के सेफ्टी टैंक में जावा महुआ गलाने का काम शुरू कर दिया था. परिवार सेफ्टी टैंक में एक साथ कई बाल्टियों में जावा महुआ रखता था और एक-एक करके उसे रात के अंधेरे में निकालता था. मंगलवार की रात भी आनंद साव का परिवार सेफ्टी टैंक से गले हुए जावा महुआ का बाल्टी ही निकालने गया था, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया.

राहत-बचाव के लिए जुटे स्थानीय लोग

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गये. स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया. सेफ्टी टैंक के आसपास की दीवार तोड़ने और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन और हैंबर मशीन मंगायी गयी. जहरीली गैस के असर को कम करने के लिए टेबल फैन चलाया गया और ऑक्सीजन सिलेंडर का भी उपयोग किया गया. काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को टैंक से बाहर निकाला गया. हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी. बाहर निकालने के बाद चिकित्सकों ने चमेली देवी, रवि साव और मदन साव को मृत घोषित कर दिया. वहीं आनंद साव की सांस चल रही थी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल उनकी हालत गंभीर बतायी जा रही है.

पूरे इलाके में पसरा मातम

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से कूद मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है. घटना के बाद लोगों की आंखें नम हो गयीं और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध दिखा. स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि लोगों की जान बचाने की कोशिश करते-करते पूरा परिवार इस तरह हादसे का शिकार हो जायेगा. मोहल्ले के लोगों ने बताया कि सेफ्टी टैंक और बंद जगहों में जहरीली गैस बनने की जानकारी नहीं होने के कारण अक्सर लोग बिना सुरक्षा उपायों के अंदर उतर जाते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं.

इसे भी पढ़ें: बेरमो के ढोरी इंकलाइन में हुई थी देश की दूसरी सबसे बड़ी खान दुर्घटना, 268 मजदूरों की हुई थी मौत

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद कटकमदाग पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में दम घुटने और जहरीली गैस की वजह से मौत की बात सामने आयी है. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बंद टैंक और सेफ्टी चैंबर में बिना सुरक्षा उपकरण के उतरने के खतरों को उजागर कर दिया है. स्थानीय लोग अब प्रशासन से जागरूकता अभियान चलाने और ऐसे मामलों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: मौत के साए में बच्चे कर रहे पढ़ाई, शिमला मिडिल स्कूल के पास झूल रहा है 11000 वोल्ट का तार

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola