मौत के साए में बच्चे कर रहे पढ़ाई, शिमला मिडिल स्कूल के पास झूल रहा है 11000 वोल्ट का तार

Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 27 May 2026 3:21 PM

विज्ञापन

विद्यालय में 11,000 वोल्ट तार के पास ग्रामीण. फोटो: प्रभात खबर

Dumka News: दुमका के मसलिया स्थित शिमला मध्य विद्यालय के पास 11 हजार वोल्ट का हाई-टेंशन तार झूल रहा है. स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जतायी है. कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने तालाबंदी और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

दुमका के मसलिया से पवन कुमार की रिपोर्ट

Dumka News: दुमका जिले के मसलिया प्रखंड स्थित शिमला मध्य विद्यालय में पढ़ने आने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं की जिंदगी खतरे में है. विद्यालय भवन की दीवार और छत से सटकर 11 हजार वोल्ट का हाई-टेंशन बिजली तार गुजर रहा है, जो काफी नीचे तक झूल रहा है. इस खतरनाक स्थिति के कारण बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों में लगातार भय बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर में हर दिन बच्चे मौत के साए में पढ़ाई करने को मजबूर हैं. विद्यालय आने वाले छोटे-छोटे बच्चे खेलते-कूदते रहते हैं. ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है. स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों ने कई बार बिजली विभाग को इस गंभीर समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.

बारिश और तेज हवा में निकलती हैं चिंगारियां

ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन के अनुसार बारिश और तेज हवा के दौरान हाई-टेंशन तार से चिंगारियां निकलती हैं. इससे पूरे स्कूल परिसर में दहशत फैल जाती है. कई बार बच्चे डर के कारण कक्षा से बाहर निकलने तक से घबराते हैं. विद्यालय भवन की छत और खिड़कियों के बेहद करीब से गुजर रहे तार के कारण कभी भी करंट फैलने की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे स्वभाव से चंचल होते हैं और खेलते समय उन्हें खतरे का अंदाजा नहीं रहता. यदि कोई बच्चा गलती से छत या खिड़की के पास पहुंच गया तो एक छोटी सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है. लोगों ने कहा कि भारतीय विद्युत नियमों के तहत सार्वजनिक भवनों और स्कूलों के पास हाई-टेंशन तारों की सुरक्षित दूरी तय की गयी है, लेकिन यहां इन नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है.

कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

विद्यालय के सचिव सहदेव सिंह ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार मौखिक रूप से जानकारी दी गयी है. इसके अलावा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी कार्यालय को लिखित आवेदन देकर भी समस्या से अवगत कराया गया. बावजूद इसके अब तक विभाग की ओर से कोई पहल नहीं की गयी. विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि विभाग शायद किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है. यदि समय रहते इस झूलते तार को हटाया नहीं गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. स्कूल के शिक्षकों ने भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जतायी है.

अभिभावकों में डर, बच्चों को स्कूल भेजने से कतरा रहे लोग

हाई-टेंशन तार के कारण अभिभावकों में भी भारी डर का माहौल है. कई अभिभावकों ने कहा कि वे रोज डर के बीच अपने बच्चों को स्कूल भेजते हैं. उन्हें हर समय यह चिंता सताती रहती है कि कहीं कोई हादसा न हो जाये. अभिभावकों का कहना है कि यदि जल्द इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे अपने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर देंगे. उनका कहना है कि शिक्षा जरूरी है, लेकिन बच्चों की जान उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण है. ग्रामीणों ने मांग की है कि या तो बिजली तार को तुरंत दूसरी जगह शिफ्ट किया जाये या फिर उसे सुरक्षित तरीके से कवर किया जाये.

ग्रामीणों ने दी आंदोलन और तालाबंदी की चेतावनी

इस मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. ग्रामीण रसोदी हांसदा और रामदेव टूडू ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि विभाग की उदासीनता किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रही है. अधिकारियों को बच्चों की सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है. महिला ग्रामीण मिनी मरांडी ने कहा कि स्कूल के ऊपर झूल रहे तार की वजह से माता-पिता की नींद उड़ी हुई है. बच्चों को स्कूल भेजते समय हर दिन डर बना रहता है. वहीं ग्रामीण चैतन मुर्मू ने साफ चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर बिजली विभाग ने इस समस्या का समाधान नहीं किया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करेंगे. ग्रामीणों ने कहा कि जरूरत पड़ी तो स्कूल में तालाबंदी की जायेगी और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जायेगा. लोगों का कहना है कि जब तक बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.

इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर में अपराधी ने फोन पर मांगी 20 लाख की रंगदारी, मना करने पर तड़ातड़ फायरिंग

विभागीय लापरवाही पर उठ रहे सवाल

इस पूरे मामले में बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन जमीन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही. अब लोगों की मांग है कि जिला प्रशासन खुद इस मामले में हस्तक्षेप करे और स्कूल परिसर से हाई-टेंशन तार को तत्काल हटाने की व्यवस्था करे, ताकि बच्चों की जिंदगी सुरक्षित हो सके.

इसे भी पढ़ें: बेरमो के ढोरी इंकलाइन में हुई थी देश की दूसरी सबसे बड़ी खान दुर्घटना, 268 मजदूरों की हुई थी मौत

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola