आजादी के 79 साल बाद भी सड़क का हाल बेहाल, तीन किमी कच्चे रास्ते पर मजबूरी का सफर
बंगालीडीह-जवाडीह मार्ग की बदहाल कच्ची सड़क l Prabhat Khabar Network
विकास के दावों के बीच 79 साल बाद भी गांव की तीन किमी कच्ची सड़क लोगों के लिए सिरदर्द बनी है. बारिश में कीचड़ से हाल बेहाल. जानिए क्या है मामला.
प्रतिनिधि, सरैयाहाट : देश आजादी के 79 वर्ष से अधिक का सफर तय कर विकास के नये आयाम स्थापित कर रहा है, लेकिन सरैयाहाट प्रखंड में बंगालीडीह आरइओ रोड से जवाडीह जाने वाला करीब तीन किलोमीटर लंबा मार्ग अब भी कच्चा है. सड़क का पक्कीकरण नहीं होने से आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खासकर बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति खराब हो जाती है और पूरा मार्ग कीचड़ में तब्दील हो जाता है.
आपके शहर में

स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर मरीजों तक की बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं. स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और कामकाजी लोगों को सबसे अधिक परेशानी होती है. बारिश के दौरान सड़क पर फिसलन बढ़ जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. कई लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं. खराब सड़क के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में भी परेशानी होती है.
बारिश में कीचड़ से भर जाता है पूरा रास्ता
ग्रामीण धनंजय यादव ने कहा कि बंगालीडीह-जवाडीह सड़क कच्ची होने के कारण लोगों को काफी दिक्कत होती है. बारिश में पूरा रास्ता कीचड़ से भर जाता है. कई बार लोग फिसलकर गिर चुके हैं. अमूल यादव ने कहा कि बच्चों को इसी रास्ते से स्कूल जाना पड़ता है. बारिश में कीचड़ के कारण कपड़े खराब हो जाते हैं और कई बार बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं.
अस्पताल पहुंचने में भी हो रही परेशानी
सुभाष यादव ने कहा कि सड़क की स्थिति खराब होने से बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाना मुश्किल हो जाता है. एंबुलेंस समेत अन्य वाहनों को भी आवागमन में परेशानी होती है. कमल किशोर राय ने कहा कि खराब सड़क के कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित होते हैं और वाहनों के खराब होने से लोगों को अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता है. सिकंदर राय ने कहा कि ग्रामीण कई बार सड़क निर्माण की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हुई है.
जिला स्तर की योजना में शामिल करने का भेजा जायेगा प्रस्ताव
इस संबंध में सरैयाहाट के अंचलाधिकारी सह बीडीओ राहुल कुमार शानू ने बताया कि उक्त सड़क की लंबाई करीब तीन किलोमीटर है. इतनी लंबी सड़क का निर्माण प्रखंड स्तर की योजना से कराना संभव नहीं है. इसके लिए जिला स्तर की योजना में सड़क को शामिल किया जाना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि सड़क के पक्कीकरण को लेकर जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजा जायेगा. स्वीकृति मिलने के बाद सड़क के कालीकरण का कार्य कराया जा सकेगा.
जल्द निर्माण की मांग, ग्रामीणों को राहत का इंतजार
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की स्थिति का जायजा लेकर जल्द निर्माण की दिशा में पहल करने की मांग की है, ताकि बरसात समेत पूरे वर्ष लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए