CM हेमंत सोरेन ने रिसालदार बाबा की मजार पर की चादरपोशी, राज्य की खुशहाली के लिए मांगी दुआ
रांची के डोरंडा स्थित हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की मजार पर चादर चढ़ाते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन. फोटो: प्रभात खबर
रांची के डोरंडा में हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की मजार पर 219वां उर्स श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मजार पर चादरपोशी कर राज्य की सुख-समृद्धि, अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ मांगी. इस दौरान हजारों की संख्या में अकीदतमंद भी मौजूद रहे.
आपके शहर में
रांची से नवीन शर्मा की रिपोर्ट
219th Urs: झारखंड में रांची के डोरंडा स्थित हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की मजार पर रविवार को आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 219वें उर्स में शामिल हुए और परंपरा के अनुरूप मजार पर चादरपोशी कर राज्य की सुख-समृद्धि, अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ मांगी. इस दौरान बड़ी संख्या में अकीदतमंद भी उर्स में शामिल होकर बाबा की मजार पर अपनी अकीदत पेश करते नजर आए.
समाज का जोड़ने का काम करते हैं धार्मिक आयोजन
मुख्यमंत्री ने मजार पर माथा टेककर झारखंड की निरंतर प्रगति और राज्यवासियों के बेहतर जीवन की कामना की. उन्होंने कहा कि हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की शिक्षाएं प्रेम, भाईचारे, इंसानियत और आपसी सौहार्द का संदेश देती हैं. ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज को जोड़ने और लोगों के बीच विश्वास मजबूत करने का काम करते हैं.
भाईचारे और सौहार्द की भावना हो और मजबूत
हेमंत सोरेन ने कहा कि उर्स का यह पवित्र अवसर समाज में भाईचारा और सद्भाव को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान विविधता में एकता की रही है और यह परंपरा आगे भी कायम रहनी चाहिए. राज्य में सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर रहें, यही सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि झारखंड में आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और एकजुटता की भावना लगातार मजबूत होती रहे. राज्य विकास की राह पर आगे बढ़े और हर वर्ग के लोगों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए.
उर्स की दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने उर्स में शामिल सभी अकीदतमंदों और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का माध्यम बनते हैं. उन्होंने लोगों से प्रेम, सद्भाव और इंसानियत के मूल्यों को अपनाने की अपील की.
219वें उर्स पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
219वें उर्स के अवसर पर मजार परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. लोगों ने चादरपोशी और फातिहा पढ़कर बाबा से अपने परिवार और प्रदेश की खुशहाली की दुआ मांगी. पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, आस्था और भाईचारे का माहौल देखने को मिला. डोरंडा स्थित हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की मजार झारखंड की प्रमुख सूफी दरगाहों में से एक मानी जाती है, जहां हर वर्ष उर्स के मौके पर विभिन्न समुदायों के लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं.
इसे भी पढ़ें: झारखंड मूलवासी सदान मोर्चा ने विधानसभा सीटें 160 करने और विधान परिषद गठन की उठाई मांग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए