रांची के खोरहाटोली में जमीन कारोबारी की हत्या, पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया

रमेश ठाकुर. फाइल फोटो
रांची के सियोन नगर में जमीन कारोबारी रमेश ठाकुर की देर रात धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. वारदात के बाद लाखों के जेवरात और मोबाइल भी गायब मिले. पुलिस ने घटना में शामिल तीन दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
Ranchi Murder News: सदर थाना क्षेत्र के सियोन नगर, गली नंबर-चार स्थित खोरहाटोली में जमीन कारोबारी रमेश ठाकुर (55) की हत्या कर दी गयी. घटना मंगलवार की देर रात करीब 12 से एक बजे के बीच हुई. अपराधियों ने हत्या के लिए धारदार हथियार का इस्तेमाल किया है. इसकी सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. इस मामले में मृतक के बेटे आकाश ठाकुर ने थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
तीन को हिरासत में लिया गया
घटनास्थल पर सदर डीएसपी संजीव बेसरा और थाना प्रभारी कुलदीप कुमार भी पहुंचे. अपराधियों की धर-पकड़ के लिए घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉयड की टीम भी बुलायी गयी. साथ ही एफएसएल की टीम ने कई साक्ष्य जुटाये. घटना के बाद पुलिस ने रमेश ठाकुर के तीन दोस्तों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है. तीनों कोकर, प्लाजा चौक और मोरहाबादी के रहनेवाले हैं.
शराब के दौरान विवाद की आशंका, सभी पहलुओं से जांच
हत्या की सूचना एक किरायेदार ने पहले मृतक के परिवार को दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सदल बल मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद मृतक का अंतिम संस्कार किया गया. पुलिस के अनुसार हत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है. प्रारंभिक जांच में शराब पीने के दौरान हुए विवाद होने की बात सामने आयी है. पुलिस जमीन विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया. पुलिस रात के दौरान घर में आने-जाने वाले सभी लोगों की जानकारी जुटा रही है. बताया गया कि मंगलवार की शाम छह बजे रमेश ठाकुर तपोवन गली वाले घर में आये. इसके बाद खाना खाकर रोज की तरह खोरहाटोली स्थित मकान में चले गये. रमेश ठाकुर रोज यहीं पर सोने जाते थे. रमेश ठाकुर पहले जमीन के कारोबार से जुड़े थे, लेकिन पिछले दो-तीन वर्षों से इस काम से अलग हो गये थे.
पांच से छह लाख की सोने की अंगूठी, चेन, ब्रेसलेट और मोबाइल गायब
मृतक के बेटे ने पुलिस को बताया कि पिता के हाथ में अंगूठी, सोने की चेन, ब्रेसलेट सहित कान में सोने का कुंडल था. इन सबकी कीमत लगभग पांच से छह लाख रुपये है. यह घटनास्थल पर नहीं मिला. पिता का स्मार्टफोन भी गायब है. घटनास्थल की स्थिति से प्रतीत होता है कि उनकी हत्या पिलास सहित किसी धारदार या भारी हथियार से की गयी है. उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं और कमरे में चारों ओर खून बिखरा पड़ा था. कान और मुंह में भी गंभीर चोट मिले हैं. घटनास्थल से पुलिस ने एक पिलास बरामद किया है.
ये भी पढ़ें- रांची के जगन्नाथपुर मंदिर प्रबंधन पर हाईकोर्ट नया आदेश, नई योजना पर सभी पक्षों से मांगा जवाब
ये भी पढ़ें- SIR का जायजा लेने कुड़ू पहुंचे कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दुबे, चुनावी पाठशाल में हुए शामिल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By श्वेता वैद्य
श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.
झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










