डोरंडा से लापता नेहा टोप्पो का 5 दिन बाद भी सुराग नहीं, पुलिस ने रखा 21000 का इनाम

रांची से लापता नेहा टोप्पो
Ranchi: डोरंडा थाना क्षेत्र के पांच दिन पहले गायब हुई 11 साल की नेहा टोप्पो का अब तक कोई अता-पता नहीं है. अब पुलिस ने नेहा का पता बताने वाले को 21000 रुपये इनाम देने की घोषणा की है.
Ranchi: डोरंडा थाना क्षेत्र के डिबडीह गिरिजाटोली में रहनेवाली 11 साल की लापता बच्ची नेहा कुमारी टोप्पो का पांच दिनों बाद भी कोई सुराग नहीं मिला. पुलिस ने नेहा का पता बताने वाले को इनाम देने की घोषणा की है. बच्ची का पता बताने वाले को 21000 रुपये का इनाम दिया जाएगा. पुलिस ने इसके लिए इश्तेहार निकाला है. नेहा गिरिजाटोली स्थित अपने मौसा सुनील तिग्गा और मौसी इनिशबा लकड़ा के घर पर रहकर डिबडीह राजकीय मध्य विद्यालय में कक्षा दो में पढ़ाई करती थी. बताया जाता है कि चार फरवरी को दिन के 11 बजे वह मौसा के घर के करीब खेलने के लिए निकली थी, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटी.
मूल रूप से गोड्डा की रहने वाली है नेहा
नेहा मूल रूप से गोड्डा जिले के हनवारा थाना अंतर्गत जेठरीडीह की रहनेवाली है. उसके पिता सीताराम टोप्पो हरियाणा के रोहतासगढ़ में मजदूरी करते हैं, जबकि मां और परिवार के अन्य लोग पैतृक गांव में रहते हैं. मामले में नेहा के परिजन ने चार फरवरी की शाम में ही डोरंडा थाना में सनहा दर्ज कराया था. नेहा की मौसी अटल क्लिनिक में काम करती है, जबकि मौसा झारखंड पुलिस में सिपाही हैं. शनिवार को मौसा-मौसी स्मार्ट सिटी स्थित कमांड सेंटर पहुंचे. वहां घटना के दिन का सीसीटीवी फुटेज देखा. कमांड कंट्रोल से ही राजधानी में लगे सीसीटीवी के फुटेज की मॉनिटरिंग होती है. हालांकि यहां से भी दोनों निराश लौटे.
जेएससीए स्टेडियम के पास देखे जाने की सूचना
दो दिन पहले मौसा-मौसी को पता चला था कि जेएससीए स्टेडियम के समीप फुटपाथ में दुकान लगानेवाले ने शाम में नेहा को देखा था. दोनों वहां भी गये थे, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा. इधर, डोरंडा पुलिस का कहना है कि लापता नेहा का रविवार की शाम तक कुछ भी पता नहीं चला. नेहा की मौसी के का कहना है कि नेहा के स्कूल में चार फरवरी को छुट्टी थी, इसलिए वह सुबह 11 बजे खेलने के लिए घर से निकली थी, लेकिन नहीं लौटी. उसकी हर संभव जगह खोजबीन की गयी. पता नहीं चलने पर डोरंडा थाना में उसी दिन शाम में सनहा दर्ज कराया गया था.
ये भी पढ़ें…
खूंटपानी हॉर्टिकल्चर कॉलेज में दूसरे राज्यों के छात्रों का भी होगा दाखिला, आईसीएआर से मिली मंजूरी
नोवामुंडी में शॉर्ट सर्किट से हाईवा में लगी भीषण आग, इलाके में दहशत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




