ट्रेड यूनियन नेताओं ने डीजीएमएस अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाये

Published by :ROHIT KUMAR MAHT
Published at :04 May 2026 7:01 PM (IST)
विज्ञापन
ट्रेड यूनियन नेताओं ने डीजीएमएस अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाये

डकरा वीआइपी क्लब में सोमवार को एनके एरिया की त्रिपक्षीय खान सुरक्षा समिति की बैठक

विज्ञापन

डकरा. डकरा वीआइपी क्लब में सोमवार को एनके एरिया की त्रिपक्षीय खान सुरक्षा समिति की बैठक महाप्रबंधक दिनेश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई. बैठक में क्षेत्र के ट्रेड यूनियन नेताओं ने डीजीएमएस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हाल के महीने में केडीएच और डकरा में जो खान दुर्घटना हुई है, उसमें डीजीएमएस अधिकारी जब जांच करने पहुंचे, तब किसी श्रमिक संगठन को इसकी सूचना नहीं दी गयी. जांच में क्या हुआ उसकी रिपोर्ट भी सार्वजनिक नहीं की गयी. कार्यस्थल को सुरक्षित करने को लेकर जो निर्णय लिए जाते हैं उस पर वर्षों तक कार्रवाई नहीं होती है और लापरवाही के कारण जब घटना होती है तो न जांच रिपोर्ट का पता चलता है और न ही किसी तरह की कार्रवाई होती है. इस पर डीजीएमएस अधिकारी ने कहा कि निरीक्षण के समय वर्कमैन इंस्पेक्टर को साथ लेकर वे लोग जाते हैं, इसे यूनियन ने खानापूर्ति करार दिया. बाद में यह सहमति बनी कि श्रमिक संगठन प्रतिनिधि के साथ दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया जायेगा और रिपोर्ट भी सार्वजनिक किया जायेगा. इसके अलावा असंगठित मजदूरों की जन्म तिथि के साथ पहचान पत्र बनाने, कार्यस्थल पर सुरक्षा, बिजली-पानी की व्यवस्था करने का जो निर्णय पिछले बैठक में हुआ था, उस पर आज तक काम नहीं होने का मामला भी उठाया गया. इस पर डीजीएमएस ने प्रबंधन को अविलंब कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में चूरी खदान आने-जाने के रास्ते पर भारी वाहन और पैदल मजदूरों का एक साथ चलने को खतरनाक बताया, वर्षों से जर्जर रेस्क्यू ट्रेनिंग गैलरी जो ढहने की स्थिति में पहुंच गया है, उसका रिपेयर करवाने के लिए टेंडर होने की जानकारी प्रबंधन द्वारा बैठक में दी गई. इसके पहले दीप प्रज्ज्वलित कर एवं सभी सदस्यों का औपचारिक स्वागत कर बैठक की शुरुआत की गयी. बैठक में डीएमएस अजित कुमार, डीडीएमएस पी हनुमंता राव, मिनाज्जुदीन, आईएसओ से नीरज कुमार और क्षेत्र के सभी वर्क मैन इंस्पेक्टर, खान सुरक्षा समिति सदस्य, सभी पीओ, मैनेजर, खान सुरक्षा अधिकारी आदि मौजूद थे.

डेढ साल बाद बैठक हुई

नियम से द्विपक्षीय खान सुरक्षा समिति की बैठक प्रत्येक तीन माह पर एवं त्रिपक्षीय खान सुरक्षा समिति की बैठक छह माह पर होनी चाहिए, ताकि कोयला खदानों की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखा जा सके. एनके एरिया में पिछली त्रिपक्षीय बैठक 28 नवंबर 2024 को हुई थी, इसका कारण डीजीएमएस अधिकारियों द्वारा समय नहीं दिया जाना बताया गया.

यूनियन प्रतिनिधि अध्यक्षता नहीं कर सके

एनके एरिया के यूनियन प्रतिनिधियों के आपसी खींचतान के कारण बैठक की अध्यक्षता महाप्रबंधक को करनी पड़ी. खान सुरक्षा को सामूहिक जवाबदेही के तहत एक स्वस्थ परंपरा है कि इस बैठक की अध्यक्षता रोटेशन आधार पर तीनों पक्ष करते हैं. आज की बैठक का अध्यक्षता यूनियन प्रतिनिधि को करना था, लेकिन समिति में बैठने वाले सदस्यों के आपसी खींचतान और अहंकार के कारण मजदूर संगठन को यह सम्मान गंवाना पड़ा.

डकरा वीआइपी क्लब में हुई एनके एरिया की त्रिपक्षीय खान सुरक्षा समिति की बैठक

विज्ञापन
ROHIT KUMAR MAHT

लेखक के बारे में

By ROHIT KUMAR MAHT

ROHIT KUMAR MAHT is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola