वन क्षेत्रों का टेक्निकल व डिजिटल रिकार्ड एक माह में तैयार करें : हेमंत

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वन विभाग को एक माह में वन क्षेत्रों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने और इको टूरिज्म को बढ़ावा देने का निर्देश दिया है।
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में वन विभाग की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी प्राकृतिक संपदा, वन्यप्राणियों एवं समृद्ध जैव विविधता से है. इनका संरक्षण तथा संवर्द्धन राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. सीएम ने निर्देश दिया कि राज्य गठन के बाद से अब तक के सभी वन क्षेत्रों का टेक्निकल एवं डिजिटल रिकॉर्ड एक माह में तैयार करें.
ऐसी व्यवस्था विकसित हो, जिससे एक क्लिक पर वन क्षेत्रों का अवलोकन कर उनके स्वरूप और वर्तमान स्थिति की जानकारी मिले. मुख्यमंत्री ने वनों के संरक्षण, मानव एवं वन्यजीवों के संघर्ष को रोकने, विकास कार्यों को गति प्रदान करने एवं पौधारोपण तथा वनों की कटाई रोकने के लिए सख्त कदम उठाये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं.
पौधारोपण अभियान चलायें, हेलीकॉप्टर से बीज गिरायें
सीएम ने कहा कि वनों की सुरक्षा और उनका सतत विकास राज्य की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. इसके लिए बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान चलाने तथा सूखे एवं अनुपयोगी पेड़ों की वैज्ञानिक तरीके से कटाई की योजना तैयार करने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि वन क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर के माध्यम से बीज गिराकर वन क्षेत्रों के विकास के लिए बेहतर कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया है. उन्होंने पर्यटन विभाग के साथ समन्वय कर इको टूरिज्म विकसित करने का निर्देश दिया.
पौधारोपण कार्य उपयोगिता आधारित हो
सीएम ने कहा कि पौधरोपण उपयोगिता आधारित और स्थानीय इको सिस्टम के अनुरूप हो. मुख्यमंत्री ने वन एवं गैर-वन क्षेत्रों में महुआ, जामुन, करंज, पलाश, कुसुम, बैर तथा तसर उत्पादन के लिए उपयोगी अर्जुन जैसे वृक्षों का बड़े पैमाने पर रोपण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. सीएम ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पेड़ लगाओ, पांच यूनिट फ्री बिजली पाओ योजना का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
वन पट्टा के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन राज्य सरकार की प्राथमिकता : सीएम ने वन पट्टा के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने पर भी विशेष बल दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को बिना अनावश्यक विलंब के वन पट्टों का वितरण सुनिश्चित किया जाये.
काजू, बंबू सहित विभिन्न व्यावसायिक खेती पर करें फोकस : सीएम ने काजू, बंबू सहित विभिन्न व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने अधिकारियों को बड़े भू-भागों की पहचान कर, वहां व्यापक स्तर पर काजू एवं बंबू के पौधे लगाने और राज्य में काजू उत्पादन की संभावनाओं को विकसित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शहरों में हरित आवरण बढ़ाने व प्रदूषण कम करने के लिए शहरी पौधरोपण अभियान चलाया जाये.
जिलों के डीएफओ से की ऑनलाइन बात :
सीएम ने सभी जिलों के डीएफओ से ऑनलाइन माध्यम से सीधा संवाद स्थापित कर वन विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. सीएम ने दुमका, जामताड़ा और कोडरमा के डीएफओ से सीधे बातचीत कर उनके जिलों में वनपट्टा वितरण की वर्तमान कार्य प्रगति, काजू, व बांस सहित अन्य पौधरोपण कार्य की जानकारी ली.
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, अबू बकर सिद्दीकी पी, कृपानंद झा, संजीव कुमार, रवि रंजन, एटी मिश्रा, विश्वनाथ शाह समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sunil Choudhary
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










