फुटपाथ दुकानदारों ने राजभवन के सामने किया प्रदर्शन

नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रांची के सैकड़ों फुटपाथ दुकानदारों ने राजभवन के पास प्रदर्शन किया.
रांची. नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रांची के सैकड़ों फुटपाथ दुकानदारों ने राजभवन के पास प्रदर्शन किया. इससे पहले जयपाल सिंह स्टेडियम से राजभवन तक भारतीय पथ विक्रेता संघ और ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस के बैनर तले रैली निकाली गयी. प्रदर्शन के बाद सभा का आयोजन किया गया. मौके पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने कहा कि बड़े पूंजीपति खुदरा व्यापार में लाखों करोड़ रुपये निवेश कर रहे हैं और सरकार को मोटी रकम देकर पूरे देश में मॉल का जाल बिछा रहे हैं. ऑनलाइन के नाम पर भी लाखों करोड़ों का कारोबार हो रहा है, जिसे केंद्र और राज्य सरकारें संरक्षण दे रही हैं. मॉल और ऑनलाइन व्यापार को बढ़ावा देने के लिए शहरों में फुटपाथ दुकानदारों को हटाया जा रहा है. जबकि फुटपाथ दुकानदार देश के 80% से अधिक लोगों को सस्ते दर पर सामान उपलब्ध कराते हैं. उन्होंने कहा कि रांची में नौ साल बीत जाने के बावजूद नगर निगम ने टाउन वेंडिंग कमेटी का चुनाव नहीं कराया. दुकानदारों का सर्वे नहीं हुआ और 2009, 2014 व 2017 में फुटपाथ दुकानदारों के लिए बनाये गये कानूनों को लागू नहीं किया गया. नगर निगम की ओर से लाठी-डंडे के बल पर अतिक्रमण के नाम पर दुकानदारों को हटाया जा रहा है. इस अवसर पर फुटपाथ दुकानदार संघ के नेता संदीप कुमार वर्मा, विकास, ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस के महासचिव अशोक यादव, जिला सचिव अजय कुमार सिंह आदि उपस्थित थे.
सर्वे और पुनर्वास तक बेदखली पर रोक की मांग
प्रदर्शन कर रहे फुटपाथ दुकानदारों ने बताया कि उनकी मांग है कि तत्काल बेदखली पर पूर्ण रोक लगायी जाये, जब तक सर्वे और पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी न हो. राज्यव्यापी पुनर्सर्वेक्षण छह माह के भीतर पूरा किया जाये. सभी पात्र विक्रेताओं को प्रमाणपत्र जारी किये जाये. हर यूएलबी में टीवीसी का गठन और लोकतांत्रिक चुनाव कराये जाये, जिसमें महिला, दिव्यांग और अल्पसंख्यक विक्रेताओं की भागीदारी सुनिश्चित हो. साथ ही अधिकारियों की जवाबदेही और दंड तय किया जाये.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




