झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती में अगला चरण शुरू, 1 जुलाई से 1941 अभ्यर्थियों का मेडिकल टेस्ट
जेएसएससी का रांची स्थित कार्यालय. फाइल फोटो.
JSSC Excise Constable Recruitment: झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती 2023 के तहत 1941 अभ्यर्थियों का मेडिकल टेस्ट 1 से 14 जुलाई तक रांची के सदर अस्पताल में होगा. अनुपस्थित अभ्यर्थियों को 17 और 18 जुलाई को अंतिम अवसर मिलेगा. भर्ती प्रक्रिया के तहत 583 पदों पर नियुक्ति की जानी है.
रांची से राणा प्रताप की रिपोर्ट
JSSC Excise Constable Recruitment: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की ओर से आयोजित उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के तहत अब भर्ती प्रक्रिया अगले चरण में प्रवेश कर चुकी है. आयोग ने मेधा सूची में शामिल अभ्यर्थियों की चिकित्सीय जांच (मेडिकल टेस्ट) की तिथि घोषित कर दी है. यह जांच 1 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक रांची के सदर अस्पताल स्थित आठवें तल्ले के ऑडिटोरियम में आयोजित की जाएगी. आयोग ने कुल 1941 अभ्यर्थियों को मेडिकल जांच के लिए चयनित किया है. चिकित्सीय जांच पूरी होने के बाद प्रमाण पत्रों का सत्यापन किया जाएगा और इसके आधार पर अंतिम परीक्षा परिणाम प्रकाशित होगा.
पहले दिन 150 अभ्यर्थियों की होगी जांच
जेएसएससी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार मेडिकल जांच के पहले दिन, यानी 1 जुलाई, को 150 अभ्यर्थियों की चिकित्सकीय जांच की जाएगी. इसके बाद तय कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन अन्य अभ्यर्थियों की जांच होगी. मेडिकल जांच के लिए अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा की मेधा सूची के आधार पर किया गया है. आयोग ने आरक्षण कोटिवार रिक्तियों की संख्या के तीन गुना, यानी कुल 1941 अभ्यर्थियों को इस प्रक्रिया में शामिल किया है.
पुलिस भर्ती नियमावली के अनुसार होगी जांच
आयोग ने स्पष्ट किया है कि चिकित्सीय जांच झारखंड राज्य पुलिस नियुक्ति नियमावली (पुलिस सेवा के लिए भर्ती पद्धति), 2014 तथा समय-समय पर किए गए संशोधनों के अनुरूप होगी. मेडिकल परीक्षण अधिसूचित चयन पर्षद की देखरेख में कराया जाएगा. जांच के बाद चयन पर्षद योग्य और अयोग्य अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर आयोग को उपलब्ध कराएगा.
मेडिकल के बाद होगा दस्तावेजों का सत्यापन
मेडिकल जांच पूरी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों के शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण पत्रों का सत्यापन किया जाएगा. दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद आयोग अंतिम परीक्षा परिणाम घोषित करेगा. यदि किसी कारण से निर्धारित पद रिक्त रह जाते हैं, तो आयोग लिखित परीक्षा की मेधा सूची में नीचे के अभ्यर्थियों को क्रमवार मेडिकल जांच के लिए बुलाएगा. इसके लिए नई सूची चयन पर्षद को उपलब्ध कराई जाएगी.
अनुपस्थित अभ्यर्थियों को मिलेगा अंतिम मौका
आयोग ने ऐसे अभ्यर्थियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है, जो किसी कारणवश निर्धारित तिथि पर मेडिकल जांच में शामिल नहीं हो पाएंगे. ऐसे उम्मीदवारों को 17 और 18 जुलाई को अंतिम अवसर दिया जाएगा. आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि इसके बाद चिकित्सीय जांच के लिए कोई अतिरिक्त मौका नहीं मिलेगा. इसलिए सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित रहने की सलाह दी गई है.
मेडिकल में असफल होने पर अपील का प्रावधान
यदि कोई अभ्यर्थी चिकित्सीय जांच में अयोग्य घोषित किया जाता है, तो उसे अपील करने का अवसर मिलेगा. इसके लिए 20 और 21 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे से रिम्स, रांची स्थित चिकित्सीय अधीक्षक कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में एपेक्स मेडिकल बोर्ड द्वारा पुनः जांच की जाएगी. आयोग ने बताया कि मेडिकल जांच से संबंधित मामलों में एपेक्स मेडिकल बोर्ड का निर्णय अंतिम और मान्य होगा. अपील प्रक्रिया में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को अलग से कोई अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा.
अनुक्रमांकवार सूची होगी जारी
आयोग ने बताया कि मेडिकल जांच के लिए चयनित अभ्यर्थियों की अनुक्रमांकवार सूची अलग से प्रकाशित की जाएगी. उम्मीदवारों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर जांच स्थल पर पहुंचना होगा.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में बिजली विभाग का गजब कारनामा, रांची में सरेंडर मीटर का बिल चालू, चालू मीटर का बिल बंद
583 पदों पर होगी नियुक्ति
उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का आयोजन 12 अप्रैल 2026 को राज्य के रांची, रामगढ़, खूंटी, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, देवघर और दुमका सहित आठ जिलों में किया गया था. इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से उत्पाद सिपाही के 583 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी. लंबे समय से इस भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए मेडिकल जांच की घोषणा एक महत्वपूर्ण चरण मानी जा रही है. अब उम्मीदवारों की नजर मेडिकल परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और अंतिम चयन सूची पर टिकी हुई है.
इसे भी पढ़ें: केंद्र और राज्य की खींचतान में फंसे झारखंड के 2.5 लाख आदिवासी विद्यार्थी, साल भर से छात्रवृत्ति बंद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










