Jharkhand Breaking News: हजारीबाग के कोनार के पास सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत, एक घायल
Jharkhand Breaking News Live Updates: लिंक रेक के विलंब से चलने के कारण ट्रेन संख्या 08196 हटिया – टाटानगर पैसेंजर ट्रेन सोमवार को 04:20 घंटे देर से चलेगी. देवघर जिला अंतर्गत मारगोमुंडा प्रखंड क्षेत्र के पहलवान आशीष पांडेय का ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी कुश्ती प्रतियोगिता में चयन हुआ है. केरल की तर्ज पर झारखंड के पर्यटन स्थलों को विकसित करने समेत अन्य मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन केरल के मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन से तिरुवनंतपुरम में शिष्टाचार भेंट किया. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
हजारीबाग के कोनार के पास सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत, एक घायल
गांधीनगर : हजारीबाग के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कोनार के समीप सोमवार की देर शाम हुए सड़क दुर्घटना में गांधीनगर थाना क्षेत्र के संडे बाजार निवासी दो युवक सौरव कुमार (24 वर्ष) तथा अजय रवानी (23 वर्ष) की मौत हो गई है. दोनों युवक अपने मित्र जरीडीह बाजार निवासी आकाश कुमार तथा संडे बाजार के ही पिंटू रवानी के साथ पिकनिक मनाने टाटा टैगोर वाहन से कोनार डैम गए थे और शाम को लौट रहे थे इसी दौरान उक्त वाहन असंतुलित होकर सड़क के किनारे एक पेड़ से टकरा गई और पलट गई जिससे घटनास्थल पर ही सौरव तथा अजय की मौत हो गई. वहीं, पिंटू रवानी गंभीर रूप से घायल हो गए. जिसे तत्काल विष्णुगढ़ स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है. वहीं, आकाश कुमार की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
चाकुलिया में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत, ग्रामीणों ने किया रोड जाम
चाकुलिया : पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत माटिहाना-चाकुलिया मुख्य मार्ग स्थित चंदरपुर पुलिया में सोमवार की शाम सड़क दुर्घटना में 55 वर्षीय गुरुपद मुंडा की मौत हो गई. मृतक भूतिया पंचायत की घाघरा निवासी गुरुपद मुंडा जामशोला अपने रिश्तेदार के घर गया था. वापस लौटने के दौरान चंदरपुर पुल में 10 चक्का ट्रक की चपेट में आ गया. इस हादसे से नाराज ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सूचना पाकर इंस्पेक्टर राफाइल मुर्मु, बीडीओ राजेश साहू, सीओ जीतराम मुर्मू, बरसोल थाना प्रभारी रामदयाल उरांव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. इधर, विधायक समीर महंती भी मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों का आरोप है इस मार्ग से भारी वाहनों की रोकथाम को लेकर डीसी समेत कई पदाधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई हल नहीं निकला. इधर, विधायक समीर महंती एवं पदाधिकारियों द्वारा एक लाख रुपया मुआवजा एवं भारी वाहनों के आवागमन बंद कराने के आश्वासन पर ग्रामीण जाम हटाने हटाया गया. मौके पर मुखिया विधान मांडी, राम मुर्मू, ग्राम प्रधान कुंवर मांडी, प्रधान मांडी, बबलु मांडी, अमरेश भोल, रिंक दास, उप मुखिया पार्बती मांडी, अंनत मांडी, बाबलु मांडी, शक्ति सोम समेत सेकड़ो लोग उपस्थित थे.
चार घंटे 20 मिनट देरी से चलेगी हटिया-टाटानगर पैसेंजर ट्रेन, जानें कारण
रांची : रांची रेल मंडल से परिचालित ट्रेन संख्या 08196 हटिया – टाटानगर पैसेंजर ट्रेन सोमवार को 04:20 घंटे देर से चलेगी. बताया गया कि लिंक रेक के विलंब से चलने के कारण यह ट्रेन अपने निर्धारित समय 18:10 बजे के स्थान पर 4 घंटे 20 मिनट देरी से यानी रात 22:30 बजे हटिया से प्रस्थान करेगी.
पलामू में तीन दिवसीय योग शिविर में शामिल होंगे बाबा रामदेव
पलामू : योग ऋषि बाबा रामदेव का तीन दिवसीय योग शिविर पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में 18 मार्च से 20 मार्च, 2023 तक होंगे. यह जानकारी पतंजलि के झारखंड राज्य कार्यकारिणी सदस्य सह पलामू जिला प्रभारी राजीव शरण ने दी.
नेतरहाट घाटी के खाई में फिर गिरी कार, रांची के पांच युवकों की बची जान
गुमला : नेतरहाट घाटी स्थित मिलिट्री मोड़ के पास खाई के नीचे सोमवार को सुबह को फिर एक कार गिर गयी. कार में पांच युवक थे, जो रांची के हेहल पहानटोली से नेतरहाट घूमने जा रहे थे. कार, गिरने के बाद खाई के एक पेड़ में जा फंसी. जिस कारण पांचों युवकों की जान बच गयी. हालांकि पांचों युवकों को हल्की चोट लगी है.
देवघर के पहलवान आशीष का राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में हुआ चयन

देवघर : मारगोमुंडा प्रखंड क्षेत्र के पांडेय सिंघा गांव निवासी पहलवान आशीष पांडेय का चयन ऑल इंडिया यूनिवार्सिटी कुश्ती प्रतियोगिता में हुआ है. इस संबंध में पहलवान आशीष ने बताया कि दुमका में आयोजित इंटर कॉलेज कुश्ती प्रतियोगिता में मधुपुर यूनिवर्सिटी की ओर से खेलते हए गोल्ड मेडल हासिल करने में कामयाबी मिली थी. गोल्ड मेडल जीतने के बाद योग्यता के अनुसार मेरा चयन राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में चयन हुआ. कहा कि पूर्व में भी राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में भाग ले चुके हैं. पहलवान का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने से परिजनों समेत आसपास के क्षेत्रों में हर्ष का माहौल है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए