Ranchi News : 2047 तक दुनिया का सर्वश्रेष्ठ देश बनेगा भारत : संजय सेठ
Published by : PRADEEP JAISWAL Updated At : 29 May 2025 5:47 PM
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा है कि 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प है. यह संकल्प भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ देश बनाने का है.
रांची (विशेष संवाददाता). केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा है कि 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प है. यह संकल्प भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ देश बनाने का है. इसी कड़ी में विकसित कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया है. श्री सेठ गुरुवार को मोरहाबादी स्थिति दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र व आत्मा के संयुक्त तत्वावधान में विकसित कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ कर रहे थे. श्री सेठ ने कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान देश के 731 कृषि विज्ञान केंद्र, 113 आइसीएआर संस्थान एवं 2170 वैज्ञानिकों द्वारा किसानों के बीच सीधा संवाद कर कृषि के उन्नत तकनीक की जानकारी दी जायेगा. इससे पहले श्री सेठ ने अभियान में प्रयुक्त वाहन को हरी झंडी दिखायी. यह कार्यक्रम कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आइसीएआर अटारी, पटना, जोन- चार के दिशा निर्देश में किया गया. सिल्ली विधायक अमित कुमार ने रांची जिले में कृषि विज्ञान केंद्र के द्वारा उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की. जिला कृषि पदाधिकारी रमाशंकर प्रसाद ने विकसित कृषि संकल्प अभियान में सरकार की विभिन्न योजनाओं, मिट्टी स्वास्थ कार्ड बना कर किसानों को उचित खाद का उपयोग किये जाने की जानकारी दी. रामकृष्ण मिशन सचिव स्वामी भवेशानंद ने स्वामीजी के सपनों को पूरा करने में किसानों की अहम् भूमिका होने तथा प्राकृतिक खेती के द्वारा कृषि में लागत कम करने, मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार करने की जानकारी दी. कार्यक्रम में आइसीएआर के वैज्ञानिकों द्वारा धान, लाह एवं सब्जियों की खेती की तकनीकी जानकारी दी गयी. इफ्को के चंदन कुमार ने धान एवं अन्य फसलों में नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी का उपयोग कर 10-15 प्रतिशत उपज में वृद्धि होने की जानकारी दी. इस अवसर पर किसानों के बीच इफ्को द्वारा किट का वितरण किया गया. वरीय वैज्ञानिक डॉ अजीत कुमार सिंह ने आगंतुकों का स्वागत किया. संचालन प्रफुल्ल व धन्यवाद ज्ञापन ओपी शर्मा ने किया. कार्यक्रम में डॉ राघव ठाकुर, डॉ सुरेश कुमार, डॉ सुदर्शन विश्वास सहित रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों से लगभग 350 किसान उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










