झारखंड के इन जिलों में 13 से 15 अगस्त तक चलेगा 'हर घर तिरंगा अभियान', देखें लिस्ट

हर घर तिरंगा अभियान को लेकर पूरे देश के साथ झारखंड में भी जोरों से तैयारी चल रही है. स्वतंत्रता दिवस से पहले 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जायेगा. इसका उद्देश्य सभी भारतीय के मन में राष्ट्रीय प्रेम को जागृत करना है.
Har Ghar Tiranga Abhiyan: पूरे देश के साथ-साथ झारखंड में भी हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जोरों से तैयारी चल रही है. इसकी तैयारी लगभग अंतिम चरण पर है. दरअसल, झारखंड के कई जिलों में 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जायेगा. इसके तहत लोगों को अपने-अपने घरों-दफ्तरों पर तिरंगा झंडा लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. सरकार लोगों को तिरंगा उपलब्ध कराने के लिए डाक घरों पर इसकी बिक्री करवा रही है.
धनबाद में स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जायेगा. यह जानकारी उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी वरुण रंजन ने बुधवार को दी. बताया कि आम नागरिकों के घरों एवं धनबाद जिला के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी जिला, प्रखण्ड, पंचायत, क्षेत्र स्तरीय कार्यालयों, सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाना है. अभियान के संचालन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल सर्जन, पंचायती राज पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस, सभी जिला स्तरीय कार्यालय प्रधान को कार्य आवंटित किया गया है.‘हर घर तिरंगा’ अभियान के जिला में संचालन के लिए निदेशक (योजना) सह जिला योजना पदाधिकारी महेश भगत को नोडल पदाधिकारी व जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार को सहायक नोडल पदाधिकारी के रूप में नामित किया गया है.
गिरिडीह में आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर 12 अगस्त को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जायेगी. इसकी जानकारी महिला चौपाल की जिलाध्यक्ष शालिनी वैश्कियार ने प्रेस वार्ता में दी. बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में 12 अगस्त को गिरिडीह शहर में पहली बार 76 मीटर (250 फीट) भव्य तिरंगा के साथ यात्रा निकाली जायेगी. यात्रा में देशप्रेम के साथ देश की खुशहाली की मंगलकामना की जायेगी. यात्रा की अगुआई घोड़े पर सवार झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की झांकी करेंगी. भव्य रथ पर भारत माता की शान में गिरिडीह के हजारों लोग शामिल होंगे. बताया कि झंडा मैदान में झंडोतोलन करने के बाद तिरंगा यात्रा शहर के मुख्य चौक-चौराहों और बाजारों से होकर अग्रसेन चौक पर समाप्त होगी. यहां पहली बार गिरिडीह में भारत माता की भव्य आरती की जायेगी. बताया कि पिछले वर्ष भी आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर गिरिडीह में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गयी थी, जिसमें काफी संख्या में लोग शामिल हुए थे.
देवघर में 15 अगस्त को सांसद डॉ निशिकांत दुबे के नेतृत्व में भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली जायेगी. यह रैली जसीडीह स्टेशन से शुरू होगी और चौपा मोड़ में समाप्त होगी. इसे भव्य बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता जोर-शोर से जुटे हुए हैं. इसकी तैयारी पर रविवार को सांसद के आवास शिवधाम में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक वरीय नेता राजीव कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई. बैठक में भाजपा नेता श्री सिंह ने बताया कि जिले भर में राष्ट्रीयता का माहौल बनाने व जनमानस को इस अभियान से जोड़ने के लिए तिरंगा बाइक रैली निकाली जायेगी. इस रैली में जिलेभर के भाजपा कार्यकर्ता, युवा और महिलाएं हिस्सा लेंगे. बाइक रैली को भव्य बनाने के लिए भाजपा ने सभी लोगों से अपील की है कि वे अपने-अपने इलाके से 50 से 100 लोगों के जत्थे को लेकर इस बाइक रैली में शामिल हों. डीजे के साथ निकालने वाली इस तिरंगा बाइक यात्रा में देशभक्ति से ओत-प्रोत राष्ट्रीय गीतों की भी प्रस्तुति चलती रहेगी.
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सीएम रघुवर दास ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्लान पर हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की. उन्होंने युवा को झंडा प्रदान करते हुए कहा कि 15 अगस्त को अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा अवश्य लगायें. साथ ही इस अभियान में लोगों को जोड़ें और उन्हें तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान और शान है. इस अभियान से लोगों में राष्ट्रीयता की भावना और प्रगाढ़ होगी. हमें आजादी के लिए लड़ने का अवसर तो नहीं मिला, लेकिन देश के लिए कुछ करने का अवसर अवश्य मिला है. भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजय कुमार जायसवाल ने कहा कि इस अभियान के तहत बस्तियों और विभिन्न मोहल्लों में जाकर जरूरतमंदों के बीच तिरंगा झंडा का वितरण किया जायेगा. कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रकाश राम, टुनटुन सिंह, शुभम जायसवाल, तरुण जायसवाल, आशीष कुमार व अभिषेक कुमार समेत कई लोग शामिल थे.
पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी डाकघरों सहित देश के सभी 1.6 लाख पोस्ट ऑफिस के माध्यम से तिरंगे की बिक्री की जा रही है. 15 अगस्त को आजादी का 77वीं वर्षगांठ मनायी जायेगी. पिछले वर्ष भारत सरकार ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की थी. इस साल भी सरकार 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन कर रही है. इसके तहत लोगों को अपने-अपने घरों-दफ्तरों पर तिरंगा झंडा लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. सरकार लोगों को तिरंगा उपलब्ध कराने के लिए डाक घरों पर इसकी बिक्री करवा रही है. अपने नजदीकी डाक घरों से असानी से तिरंगे की खरीदारी कर सकते हैं. बिष्टुपुर हेड पोस्ट ऑफिस के डिप्टी पोस्ट मास्टर जगन्नाथ साहू ने को बताया कि हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी डाकघरों में तिरंगे का स्टॉक मौजूद है. यहां माह 25 रुपये में 20/30 इंच साइज का तिरंगा उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पिछले साल पूर्वी सिंहभूम में तकरीबन 60 हजार तिरंगा झंडे की बिक्री हुई थी. वहीं इस साल एक लाख से भी ज्यादा तिरंगा बेचने का लक्ष्य रखा गया है. बता दें कि देश भर के सभी डाक घरों पर तिरंगे की बिक्री शुरू हो चुकी है. इसके अलावा डाक विभाग की ई-पोस्ट ऑफिस सुविधा www.epostoffice.gov.in साइट के जरिए भी राष्ट्रीय ध्वज खरीदा जा सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Nutan kumari
Digital and Broadcast Journalist. Having more than 4 years of experience in the field of media industry. Specialist in Hindi Content Writing & Editing.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




