कोकर में जमीन के नाम पर लाखों की ठगी, व्यवसायी को जान से मारने की मिली धमकी
व्यवसायी को जान से मारने की धमकी ( AI जनरेडेट इमेज )
रांची के कोकर में जमीन बेचने के नाम पर व्यवसायी से लाखों की ठगी का मामला सामने आया है. आरोपियों ने पैसे लेने के बाद भी जमीन नहीं दी और जान से मारने की धमकी दी.
रांची: कोकर के न्यू अयोध्यापुरी निवासी व्यवसायी वीरेंद्र कुमार यादव ने जमीन बिक्री के नाम पर ठगी, धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. प्राथमिकी में ओल्ड एचबी रोड निवासी रामविलास शर्मा और उनके पुत्र राजन शर्मा को आरोपी बनाया गया है.
शादी के लिए पैसे की जरूरत बताकर जमीन बेचने का दिया प्रस्ताव
व्यवसायी के अनुसार, रामविलास शर्मा से उनकी पुरानी पहचान थी. जनवरी 2026 में रामविलास शर्मा ने अपनी पुत्री की शादी के लिए पैसों की जरूरत बताते हुए कोकर मौजा स्थित अपनी करीब डेढ़ कट्ठा जमीन 45 लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव दिया. जमीन खरीदने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पांच फरवरी 2026 को एग्रीमेंट हुआ.
आरोप है कि एग्रीमेंट के बाद रामविलास शर्मा और उनके पुत्र ने बयाना व अग्रिम राशि के रूप में कुल 18 लाख 51 हजार रुपये ले लिये. यह राशि नगद, चेक और यूपीआइ के माध्यम से दी गयी. इसके बाद व्यवसायी ने जमीन की लिखा-पढ़ी और कब्जा देने की मांग की, लेकिन आरोपी पक्ष लगातार टालमटोल करता रहा.
ये भी पढ़ें- जेएसएससी का हालः हर नियुक्ति में लग रहे तीन से चार साल, टुकड़ों में जारी हो रहा रिजल्ट, कटऑफ का पता नहीं
जमीन की कीमत घटाकर 36 लाख रुपये तय की गई
व्यवसायी के अनुसार, बाद में दोनों पक्षों की आपसी सहमति से 15 जून को जमीन की कुल कीमत 36 लाख रुपए तय की गई. इसके बाद 25 जून को चेक के माध्यम से भी राशि का भुगतान किया गया. इसके बावजूद आरोपियों ने जमीन का बैनामा कराने और दखल-कब्जा देने से इनकार कर दिया.
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
वीरेंद्र कुमार यादव का आरोप है कि रुपए लेने के बावजूद आरोपियों ने जमीन की लिखा-पढ़ी और कब्जा नहीं दिया. जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो रामविलास शर्मा और उनके पुत्र राजन शर्मा कथित तौर पर उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी देने लगे. व्यवसायी ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई. मामले में सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस लेन-देन, जमीन के एग्रीमेंट और दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









