झारखंड कांग्रेस के 3 विधायकों को कलकत्ता हाईकोर्ट ने दी जमानत, इरफान अंसारी का ममता बनर्जी पर बड़ा हमला

Jharkhand Congress MLA's Gets Bail: जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाये. अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राजनीतिक लाभ के लिए हमें गलत तरीके से फंसाया है.
Jharkhand Congress MLA’s Gets Bail: झारखंड के तीन कांग्रेस विधायकों को कलकत्ता हाईकोर्ट ने जमानत दे दी है. कोर्ट ने जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी (Irfan Ansari), खिजरी के विधायक राजेश कच्छप (Rajesh Kachhap) और कोलेबीरा के विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी (Naman Bixal Kongari) को अंतरिम जमानत दे दी है. इन विधायकों को पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिला में पिछले दिनों लाखों रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया था.
जमानत मिलने के बाद जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (West Bengal CM Mamata Banerjee) पर गंभीर आरोप लगाये. अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राजनीतिक लाभ के लिए हमें गलत तरीके से फंसाया है. जो भी पैसे बरामद किये गये हैं, वो हमारे हैं. इरफान अंसारी ने कहा कि हमारी रगों में कांग्रेस (Congress) का खून बह रहा है. हम कभी भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल नहीं हो सकते.
Also Read: झारखंड के तीन विधायकों को कलकत्ता हाईकोर्ट ने दी अंतरिम जमानत, लगायी ये शर्तें
इरफान अंसारी ने कहा कि तीन विधायक कभी भी किसी सरकार को नहीं गिरा सकते हैं. इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगाड़ी पर झारखंड की गठबंधन सरकार को गिराने की साजिश रचने का आरोप है. हालांकि, विधायकों ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है. पिछले दिनों हाईकोर्ट ने इन्हें अंतरिम जमानत देते हुए कहा था कि सभी को व्यक्तिगत रूप से हर सप्ताह जांच अधिकारी के समक्ष पेश होना होगा.
उल्लेखनीय है कि कलकत्ता हाईकोर्ट ने तीनों विधायकों को 17 अगस्त को तीन महीने की अंतरिम राहत दी थी. कोर्ट ने केस की अगली सुनवाई की तारीख 10 नवंबर 2022 मुकर्रर की थी. उस दिन तीनों कांग्रेस विधायकों के वकील मुकुल रोहतगी ने कोर्ट में दलील दी थी कि इनके पास जो पैसे थे, वो साड़ी खरीदने के लिए थे. ये लोग जनजातीय महोत्सव के लिए साड़ियां खरीदने गये थे.
इरफान अंसारी ने कहा कि वह अल्पसंख्यक समाज से आते हैं. उनके पिता लंबे अरसे तक कांग्रेस पार्टी के नेता रहे. मंत्री रहे. वह खुद दो बार के विधायक हैं. नमन विक्सल कोंगाड़ी ईसाई समुदाय से आते हैं. पादरी हैं. वहीं, राजेश कच्छप आदिवासी समाज से आते हैं. हम लोगों को भाजपा सूट नहीं करता. हम कभी भाजपा में जा ही नहीं सकते. मैं ममता दीदी की बहुत इज्जत करता हूं. राजनीतिक लाभ के लिए उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था.
असम प्रकरण पर जब पत्रकारों ने सवाल किया, तो वह बिना कोई जवाब दिये चले गये. उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगाड़ी की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने इन तीनों विधायकों को निष्कासित कर दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




