ePaper

AK Roy Jayanti: मार्क्सवादी और गांधीवादी विचारधारा का समन्वय थे कॉमरेड एके राय

Updated at : 15 Jun 2025 6:12 AM (IST)
विज्ञापन
AK Roy Birth Anniversary 15 June 2025

कोयला मजदूरों के मसीहा थे कॉमरेड एके राय.

AK Roy Birth Anniversary: कॉमरेड एके राय की 15 जून को जयंती मनायी जायेगी. प्रख्यात मार्क्सवादी चिंतक, मजदूर नेता और झारखंड आंदोलन के प्रमुख स्तंभ एके राय का जन्म 15 जून 1935 को पूर्वी बंगाल (अब बांग्लादेश) के राजशाही जिले के सपुरा गांव में हुआ था. एक साधारण परिवार में जन्मे राय दा केमिल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद धनबाद में नौकरी करने आ गये. यहां आकर उन्होंमने कोयला मजदूरों की दुर्दशा देखी, तो उनका मन विचलित हो उठा. उन्होंने उनके लिए आंदोलन शुरू कर दिया. वह गरीबों के मसीहा बन गये. सांसद और विधायक बने, लेकिन विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया. वह मार्क्सवादी और गांधीवादी विचारधारा का समन्वय थे.

विज्ञापन

AK Roy Birth Anniversary: झारखंड की धरती पर एक ऐसे नेता हुए, जिन्हें आज भी उनकी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति समर्पण के लिए जाना जाता है. इस शख्सीयत का नाम है कॉमरेड एके राय. कॉमरेड एके राय ने सत्ता और सुविधाओं को ठुकराकर जनता के लिए अपनी जिंदगी समर्पित कर दी. कॉमरेड की वैचारिक स्पष्टता, साहस और समर्पण ने उन्हें भारतीय इतिहास में अमर बना दिया.

धनबाद के 3 बार सांसद, सिंदरी से 3 बार विधायक रहे

कोयला नगरी के रूप में विख्यात धनबाद के पूर्व सांसद और सिंदरी के विधायक के रूप में एके राय की पहचान एक ऐसे जननायक की थी, जिन्होंने अपना जीवन मजदूरों और वंचितों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया. उनकी सादगी, साहस और वैचारिक दृढ़ता ने उन्हें न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश में एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व बनाया.

बांग्लादेश के राजशाही में जन्मे थे एके राय

प्रख्यात मार्क्सवादी चिंतक, मजदूर नेता और झारखंड आंदोलन के प्रमुख स्तंभ कॉमरेड एके राय का जन्म 15 जून 1935 को पूर्वी बंगाल (वर्तमान बांग्लादेश) के राजशाही जिले के सपुरा गांव में एक साधारण परिवार में हुआ. बचपन से ही एके राय सामाजिक अन्याय के प्रति संवेदनशील थे.

केमिकल इंजीनियरिंग करने के बाद नौकरी करने आये थे धनबाद

रासायनिक अभियांत्रिकी (केमिकल इंजीनियरिंग) में डिग्री हासिल करने के बाद एके राय नौकरी करने के लिए धनबाद आ गये. धनबाद के कोयलांचल क्षेत्र में कोयला खदानों में मजदूरों के शोषण और अमानवीय व्यवहार से उनका मन व्यथित हो उठा. यह अनुभव उनके जीवन का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ. उन्होंने इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़कर मजदूरों के लिए आंदोलन करना शुरू कर दिया.

झारखंड की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

एके राय की मजदूर आंदोलन और राजनीतिक शुरुआत

एके राय ने 1960 के दशक में कोयला मजदूरों के अधिकारों के लिए आंदोलन शुरू किया. उनकी अगुवाई में मजदूरों ने बेहतर वेतन, कार्यस्थिति और सामाजिक सुरक्षा की मांग की. उनकी स्पष्टवादिता और संगठन क्षमता ने उन्हें मजदूरों का प्रिय नेता बना दिया. उन्होंने मार्क्सवादी विचारधारा को अपनाया और इसे झारखंड के संदर्भ में लागू करने में जुट गये. 1970 के दशक में वे जयप्रकाश नारायण (जेपी) आंदोलन से भी जुड़े, जो आपातकाल के खिलाफ एक बड़ा जनआंदोलन था.

झामुमो की स्थापना में राय बाबू की थी महत्वपूर्ण भूमिका

कॉमरेड एके राय ने बिनोद बिहारी महतो और शिबू सोरेन जैसे नेताओं के साथ मिलकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. झामुमो का उद्देश्य झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाना और आदिवासियों-मूलवासियों के अधिकारों की रक्षा करना था. हालांकि, बाद में वैचारिक मतभेदों के कारण वे झामुमो से अलग हो गये और मार्क्सवादी समन्वय समिति (मासस) नामक राजनीतिक संगठन की स्थापना की.

कॉमरेड एके राय का राजनीतिक करियर

कॉमरेड एके राय ने धनबाद लोकसभा सीट से 3 बार (1977, 1980, और 1989) सांसद बने. सिंदरी विधानसभा सीट से 3 बार विधायक भी चुने गये. उनकी सबसे बड़ी विशेषता थी, उनकी सादगी और जनता के प्रति समर्पण. उन्होंने सांसद और विधायक के रूप में मिलने वाली पेंशन और अन्य सुविधाओं को ठुकरा दिया. उस समय यह अपने आप में एक अनोखा उदाहरण था. वे साइकिल से संसद जाते थे और सामान्य मजदूरों की तरह जीवन जीते थे. उनकी यह जीवनशैली नेताओं के लिए मिसाल बन गयी.

अलग झारखंड आंदोलन में निभायी भूमिका

एके राय ने झारखंड को अलग राज्य बनाने के आंदोलन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. उन्होंने आदिवासियों, मजदूरों और वंचित समुदायों के हक की लड़ाई को मजबूती प्रदान की. उनकी रणनीति थी कि आंदोलन न केवल राजनीतिक हो, बल्कि सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर भी केंद्रित हो. उन्होंने कोयलांचल के मजदूरों को संगठित करके खनन माफिया और शोषणकारी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की.

राय साहब के साहित्यिक और वैचारिक योगदान

एके राय नेता के साथ-साथ लेखक और चिंतक भी थे. उनकी पुस्तकें ‘योजना और क्रांति’, ‘झारखंड और लालखंड’, ‘बिरसा से लेनिन’, और ‘नयी दलित क्रांति’ मार्क्सवादी विचारधारा और झारखंड आंदोलन के दस्तावेज हैं. उनके लेख पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होते थे और विदेशों में भी उनकी चर्चा थी. उन्होंने झारखंड की सामाजिक-आर्थिक समस्याओं का वैश्विक संदर्भ में विश्लेषण किया.

मार्क्सवाद के साथ-साथ गांधीवाद का समन्वय

एके राय ने विवाह नहीं किया. पूरा जीवन जनसेवा में समर्पित कर दिया. उनकी सादगी और ईमानदारी की कहानियां आज भी प्रेरणा देती हैं. वे हमेशा मजदूरों के बीच रहते थे और उनकी समस्याओं को अपनी समस्या मानते थे. उनकी विचारधारा में मार्क्सवाद के साथ-साथ गांधीवादी का भी समन्वय दिखता था.

कॉमरेड एके राय का निधन और उनकी विरासत

धनबाद के सेंट्रल अस्पताल में 84 वर्ष की आयु में 21 जुलाई 2019 को कॉमरेड एके राय का निधन हो गया. वे अपने अंतिम दिनों में भी मजदूरों और झारखंड के मुद्दों पर सक्रिय थे. उनके निधन से झारखंड और मजदूर आंदोलन को अपूरणीय क्षति हुई. आज भी उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर झारखंड के विभिन्न संगठन उन्हें याद करते हैं. हर पार्टी के नेता समान रूप से उनका आदर करते हैं.

इसे भी पढ़ें

AK Roy Birth Anniversary: कॉमरेड एके राय के बारे में ये 10 बातें आप नहीं जानते होंगे

IED Blast: सारंडा जंगल में नक्सलियों ने किया IED ब्लास्ट, CRPF का एक एएसआई शहीद

सड़क हादसे में बुझा घर का इकलौता चिराग, घायल किशोरी ने भी रिम्स में इलाज के दौरान तोड़ा दम

श्रावणी मेला में स्पेशल ट्रेनें चलायेगा रेलवे, सुल्तानगंज में कई ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव, देखें पूरी लिस्ट

पर्यटन मंत्री ने किया कांवरिया पथ का निरीक्षण, कहा- 5 जुलाई तक श्रावणी मेला की तैयारी पूरी करें

रांची में रथयात्रा मेला की तैयारियां शुरू, इन एजेंसियों को मिला टेंडर और सुरक्षा का जिम्मा

विज्ञापन
Mithilesh Jha

लेखक के बारे में

By Mithilesh Jha

मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola