15 अगस्त विशेष: जानिए कैसे 400 पारंपरिक बीजों के दम पर सौरिया पहाड़िया ने पाई अपनी पहली 'आजादी'

Updated:
विज्ञापन

15 अगस्त विशेष, Pic Credit- AI Only for Symbolism

79वें स्वतंत्रता दिवस पर, झारखंड के सौरिया पहाड़िया समुदाय एक नई 'आजादी' की राह देख रहा है. केवल कागजी दावों से आगे बढ़कर, वे अपनी ऐतिहासिक पहचान, खान-पान और जंगल से आजीविका के अधिकार के लिए लड़ रहे हैं.

विज्ञापन

रांची: देश जब अपनी आजादी का 79वां जश्न मना रहा है, तब झारखंड के गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज के बीहड़ पहाड़ों पर बसे विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) सौरिया पहाड़िया की जिंदगी एक नई 'आजादी' की राह देख रही है. कागजों में भले ही इनके गावों तक सड़क, बिजली, राशन और मोबाइल नेटवर्क की घंटी पहुंच चुकी है, लेकिन इनकी बुनियादी लड़ाई सड़क-बिजली से आगे जाकर अपनी ऐतिहासिक पहचान, खान-पान और "जंगल बचाओ, जंगल से आजीविका दो" के अधिकार पर टिकी है.

पोषण और आजीविका की अनोखी लड़ाई

गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी से शुरू हुआ पहाड़िया समुदाय का संघर्ष अब पाकुड़ के राजमहल पहाड़ों तक फैल चुका है. वर्षों से वन विभाग केवल इमारती या गैर-खाद्य पौधे लगा रहा था, जिससे जंगलों से मिलने वाले फल-फूल और वनोपज घटने लगे थे और बच्चों में कुपोषण बढ़ रहा था. अपनी पहचान और भोजन को बचाने के लिए संस्था 'अभिव्यक्ति फाउंडेशन' के सहयोग से ग्रामीणों ने आंदोलन छेड़ा. रांची जाकर वन विभाग के अपर मुख्य संरक्षक रवि रंजन को सुंदरपहाड़ी बुलाया गया और जंगल से जुटाए गए 400 से अधिक प्रकार के पारंपरिक खान-पान व बीजों को दिखाकर अपनी मांग रखी गई. इस ऐतिहासिक पहल के बाद वन विभाग सहमत हुआ और अब ग्रामीणों की पसंद के अनुसार नर्सरी तैयार कर कटहल, आम, महुआ, अमरूद और मौसमी साग-सब्जियों के पौधे लगाने का आदेश जारी कर दिया गया है.

ये भी पढ़ें: रांची में 12 फीट से नीचे लगे होर्डिंग-पोस्टर हटेंगे, हाईकोर्ट ने दिया निर्देश

जंगल ही पहचान और सहारा

सुंदरपहाड़ी के मुनाडीह गांव की रेबेदा मालतो हाथ में छाता और मोबाइल लिए बारिश के मौसम में कुरवा (मक्का-दलहन) और जरा खेती की तैयारियां करते हुए बताती हैं कि समस्याओं के बावजूद पहाड़ ही उनकी पहचान और पुरखों की धरोहर है. सौरिया पहाड़िया समुदाय का इतिहास मेगस्थनीज की यात्रा वृत्तांत से लेकर मुगलकाल और ब्रिटिश दौर में पहाड़िया रेंजर तथा जमींदारी तक बेहद गौरवशाली रहा है. हालांकि, आज भी इस समुदाय के सामने सबसे बड़ा संकट स्थायी आजीविका, शिक्षा और पेयजल का है. सुंदरपहाड़ी और राजमहल के बसावट वाले इलाकों में केवल छठी कक्षा तक पढ़ाई की व्यवस्था होने से गांवों में शायद ही कोई मैट्रिक पास है. बड़गम पहाड़ के तीन टोलों में एक भी व्यक्ति सरकारी नौकरी में नहीं है, वहीं नकद पैसों के लिए वे आज भी घोड़ों पर आने वाले महाजनों पर निर्भर हैं. इसके अलावा 35 किलो राशन घर-घर न पहुंचकर पंचायतों में रख दिया जाता है और पेयजल के लिए दूर जाना पड़ता है.

वन विभाग और विशेषज्ञों की पहल

इस मुहिम पर वन विभाग और समाजसेवियों ने सकारात्मक रुख अपनाया है. संस्था 'अभिव्यक्ति फाउंडेशन' के सचिव कृष्णकांत का कहना है कि पहाड़िया समुदाय का जीवन जंगल से ही चलता है, इसलिए वन विभाग के साथ समन्वय बनाकर इन्हें जंगल में ही आजीविका देना संभव है. वहीं, झारखंड के अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक रवि रंजन और गोड्डा के डीएफओ बाग पवन शालीग्राम ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीणों की मांग पर पसंदीदा पौधों की सूची तैयार कर सभी रेंज में पौधारोपण का आदेश दिया गया है. विभाग ग्रामीणों द्वारा इकट्ठा किए गए बीजों को प्रमोट करने और उनकी सहभागिता से ही पौधारोपण अभियान को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार है.

ये भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में बूदलाव, झारखंड में इस बार राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रगीत भी गाया जाएगा, गृह मंत्रालय का SOP जारी


विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola