आरटीआई कार्यकर्ता दिनेश महतो होंगे जमशेदपुर लोकसभा से ''आप'' के उम्मीदवार

Updated at : 30 Mar 2019 4:08 PM (IST)
विज्ञापन
आरटीआई कार्यकर्ता दिनेश महतो होंगे जमशेदपुर लोकसभा से ''आप'' के उम्मीदवार

– झारखंड में कुछ और सीटों पर "आप" उतार सकती है उम्मीदवार रांची : आम आदमी पार्टी झारखंड के प्रदेश संयोजक ने बताया कि आरटीआई कार्यकर्ता दिनेश महतो जमशेदपुर लोकसभा सीट से ‘आप’ के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे. इसके साथ ही आम आदमी पार्टी झारखंड के कुछ और सीटों पर भी अपने उम्‍मीदवार खड़ी करेगी. […]

विज्ञापन

– झारखंड में कुछ और सीटों पर "आप" उतार सकती है उम्मीदवार

रांची : आम आदमी पार्टी झारखंड के प्रदेश संयोजक ने बताया कि आरटीआई कार्यकर्ता दिनेश महतो जमशेदपुर लोकसभा सीट से ‘आप’ के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे. इसके साथ ही आम आदमी पार्टी झारखंड के कुछ और सीटों पर भी अपने उम्‍मीदवार खड़ी करेगी. यह जानकारी प्रदेश संयोजक जय शंकर चौधरी ने प्रेस वार्ता में दी.

उन्होंने जानकारी दी कि पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति की अनुसंशा के बाद केंद्रीय पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी ने दिनेश महतो के नाम पर मुहर लगायी है. श्री चौधरी ने कहा कि जमशेदपुर सीट पर महागठबंधन के ढुलमूल रवैया से भाजपा को वॉकओवर देने की तैयारी थी. इसलिए आम आदमी पार्टी ने एक ईमानदार और जुझारू उम्मीदवार देने का काम किया. आम आदमी पार्टी इस सीट पर लोकतंत्र विरोधी और संविधान विरोधी भाजपा को हरायेगी.

उन्‍होंने कहा कि जमशेदपुर लोकसभा सीट पर दिनेश महतो सीधे-सीधे भाजपा को टक्कर देंगे. उन्होंने जमशेदपुर की जनता से अपील की है कि इस बार आम आदमी पार्टी को पूर्ण जनमत देकर देश के लोकतंत्र बचाने की लड़ाई को निर्णायक रूप से विजयी बनाएं. उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य के हर सीट का एनालिसिस कर रही है. जहां भी भाजपा को महागठबंधन द्वारा सेफ पैसेज मिलता हुआ दिखेगा, वहां आम आदमी पार्टी दमदार उम्मीदवार उतारेगी.

उन्‍होंने कहा कि दिनेश महतो कोल्हान और झारखंड के जाने माने आरटीआई कार्यकर्ता हैं. पिछले 12 वर्ष से भी ज्‍यादा समय से वे सिंहभूम और जमशेदपुर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ते रहे हैं. अभी तक उन्होंने 10 अधिकारी समेत 40 से ज्यादा भ्रष्‍टाचारियों को जेल भिजवाया है. श्री महतो को राष्ट्रीय अब्दुल कलाम एक्सीलेंस पुरस्कार समेत कई राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिले हैं. 46 वर्षीय दिनेश मूलतः पोटका प्रखंड, पूर्वी सिंहभूम जिले के चडराडीह गांव, कोवाली पंचायत के निवासी हैं.

मौके पर ‘आप’ के जमशेदपुर लोकसभा उम्मीदवार दिनेश महतो ने कहा कि जमशेदपुर सीट पर अब सीधा-सीधा भाजपा बनाम आम आदमी पार्टी की टक्कर होगी. उन्होंने कहा कि वे मुद्दों की राजनीति पर चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि ये चुनाव भाजपा का भ्रष्टाचार बनाम आम आदमी की ईमानदार राजनीति, जुमला एवं फर्जी विकास बनाम दिल्ली का शिक्षा-स्वास्थ एवं वास्तविक विकास मॉडल, धार्मिक नफरत बनाम भाईचारा तथा लोकतंत्र-संविधान की हत्या बनाम लोकतंत्र-संविधान की रक्षा जैसे मुद्दे पर आधारित होगा.

मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण मुंडा, प्रेम कुमार, पवन पांडेय, परवेज सहजाद, प्रदेश सचिव राजन कुमार सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष आलोक शरण, प्रदेश प्रवक्ता कुणाल मिश्रा, प्रदेश मीडिया प्रभारी राजेश कुमार, प्रदेश संयुक्त सचिव यास्मीन लाल एवं सुनील चौधरी, पूर्वी सिंहभूम जिला उपाध्यक्ष रियाजुद्दीन खान, रांची लोकसभा प्रभारी वसीम खान, रांची जिला संयोजक जितेंदर महतो, महानगर प्रभारी अंजन वर्मा एवं रांची महानगर संयोजक अजय मेहता समेत कई लोग मौजूद थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola